Political Crisis : हिमाचल प्रदेश में सियासी संकट (Political Crisis) के बीच प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी का काम कांग्रेस पार्टी से बेहतर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जानने लायक बहुत सी बातें हैं। एक सांसद के तौर पर मैंने अपने संसदीय क्षेत्र का बार-बार दौरा किया है और लोगों की समस्याओं को समझने की कोशिश की है।
यह सच है कि बीजेपी की कार्य प्रणाली हमसे बेहतर है। प्रतिभा सिंह ने आगे कहा कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से संपर्क किया है और उनसे संगठन को मजबूत करने के लिए कहा है। मैं पहले दिन से सीएम से कह रही थी कि हम आगामी चुनाव का मुकाबला तभी कर पाएंगे जब वह संगठन को मजबूत करेंगे। यह हमारे लिए बहुत कठिन स्थिति है। हम जमीन पर कई मुश्किलें देख सकते हैं क्योंकि बीजेपी पीएम मोदी के निर्देशन में बहुत कुछ करने जा रही है।
ये भी पढ़ें : UP Politics : ओपी राजभर बोले “नहीं मिला राजपाठ तो नहीं मनाऊंगा होली…”
कांग्रेस प्रमुख ने आगे कहा कि हम वहां कमजोर स्थिति में हैं। मैंने उनसे बार-बार पार्टी को मजबूत करने और संगठित करने का आग्रह किया है। मैं कह सकती हूं कि यह कठिन समय है। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले छह बागी विधायकों का समर्थन करते हुए कहा कि विधायकों का नाराज होना स्वाभाविक है। प्रतिभा सिंह ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, क्यों नहीं, एक साल से ज्यादा समय बीत गया और आपने कोई संज्ञान नहीं लिया या उनकी बात नहीं सुनी तो उनकी झुंझलाहट स्वाभाविक है।
यदि आपने उन्हें बुलाया होता, उनसे बात की होती और कोई समाधान निकाला होता तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। क्या बीजेपी उन्हें मंडी से चुनाव लड़ाना चाहती है इस सवाल का जवाब देते हुए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि हमने ऐसा कभी नहीं सोचा हम बीजेपी के संपर्क में भी नहीं हैं। भगवान जाने आगे क्या स्थिति होगी। अब इस बात पर चर्चा होगी कि कांग्रेस किसे टिकट देना चाहती है। उनके आदेश के अनुरूप हम जो कदम उठाएंगे उस पर आगे बढ़ेंगे।
ये भी देखें : CM YOGI ने आंगनबाड़ी के भवनों का किया लोकार्पण


