Prayagraj : इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सर सुंदर लाल छात्रावास के सहायक अधीक्षक को बम से उड़ाने और गोली मारने की धमकी मिल रही है। धमकी देने वाले छात्र के खिलाफ Prayagraj की कर्नलगंज पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। अभी तक आरोपी पकड़ा नहीं जा सका है। इस धमकी के बाद छात्रावास अधीक्षक का परिवार संकट में है। गौरतलब है कि अनाधिकृत छात्रों को हॉस्टल से बाहर निकालने के बाद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।
सर सुंदर लाल छात्रावास के सहायक अधीक्षक और सहायक प्रोफेसर डॉ. अतुल नारायण सिंह ने कर्नलगंज थाने में धमकी की सूचना दी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे वर्तमान में सर सुंदर लाल छात्रावास में सहायक अधीक्षक और सहायक वार्डन के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस की सहायता से इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने हाल ही में सर सुंदर लाल छात्रावास से अनाधिकृत रूप से रहने वालों को हटा दिया था। इससे हॉस्टल के दो अन्त:वासी प्रतापगढ़ के अमन सिंह और गोंडा के सौरभ मिश्रा नाराज हो गए जो पिछले कई दिनों से धमकी दे रहे हैं।
ये भी पढ़ें : UP News : कोहरे से प्रभावित हुई हवाई यात्रा और रेल सेवाएं, जानिए कितने लेट हुए यातायात
आरोप है कि 24 जनवरी की रात साढ़े 12 बजे उनके मोबाइल फोन पर धमकी भरी कॉल आई। धमकी यह थी कि हॉस्टल में एक कमरा अनाधिकृत रूप से रह रहे शिवम सिंह को आवंटित कर दिया जाए। अमन सिंह ने विरोध करने पर गोली मारने की धमकी देते हुए कहा कि अगर उसके आदेश का पालन नहीं किया गया तो हत्या कर दी जायेगी। सौरभ मिश्रा ने हॉस्टल को बम से उड़ाने की धमकी दी। कर्नलगंज पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।


