Prayagraj News : प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के वार्ड नंबर 12 में सोमवार रात हंगामा हुआ। आरोप है कि जूनियर डॉक्टरों ने एक मरीज के तीमारदार को पीटा। जब तीमारदार के साथ मौजूद बुजुर्ग महिला ने बीचबचाव किया, तो डॉक्टरों ने उसके साथ भी बदसलूकी की। सूचना मिलने पर एसआरएन पुलिस चौकी के दरोगा और सिपाही मौके पर पहुंचे, लेकिन जूनियर डॉक्टरों ने उनके साथ भी अभद्रता की। पुलिस ने किसी तरह पिट रहे तीमारदारों को डॉक्टरों के चंगुल से छुड़ाया। पीड़ित महिला ने कोतवाली में तहरीर दी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वार्ड नंबर 12 में बांदा का एक मरीज भर्ती था। मरीज की देखरेख में रोहित पटेल, अंकित पटेल और कुन्नी देवी मौजूद थे। सोमवार रात (Prayagraj News) को रोहित और अंकित का जूनियर डॉक्टरों से विवाद हो गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने रोहित और अंकित को एक कमरे में घसीट लिया और पीटने लगे। बुजुर्ग महिला कुन्नी देवी ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। पुलिसकर्मियों ने बीचबचाव कर तीमारदारों को डॉक्टरों से छुड़ाया।
एसआरएन अस्पताल में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए यूपी कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस ने लिखा, “आप सोच रहे होंगे कि यहां दो पक्षों के बीच मारपीट हो रही है, लेकिन यह प्रयागराज के SRN अस्पताल का दृश्य है। जहां जूनियर डॉक्टरों ने मां के सामने तीमारदार बेटे को बेरहमी से पीटा। मां-बेटे को बचाने के लिए चिल्लाती रही, लेकिन डॉक्टरों का कहर जारी रहा। मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, क्या यही हाई-फाई सुविधाएं दी जा रही हैं सरकारी अस्पतालों में आपके शासन में?”


