Raebareli : रायबरेली में रविवार रात एक लोको पायलट की चतुराई से एक बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार रेलवे ट्रैक पर पड़े बालू के ढेर को देख कर लोको पायलट ने पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया। यह घटना रघुराज सिंह रेलवे स्टेशन के पास हुई जहां सड़क निर्माण के लिए ले जाए जा रहे बालू लदे ट्रक से बालू गिरने के कारण रेलवे ट्रैक पूरी तरह से ढक गया था।
पुलिस ने बताया कि रविवार को रघुराज सिंह स्टेशन के पास लोको पायलट ने रेल की पटरियों पर बालू का ढेर देखा और तुरंत एक ट्रेन को रोक दिया। एसएचओ देवेंद्र भदौरिया ने कहा कि बालू को ट्रैक से हटा दिया गया और फिर से रेल यातायात शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि बालू का एक छोटा सा ढेर रेलवे ट्रैक पर डाला गया था जिसके चलते रायबरेली से आने वाली शटल ट्रेन को रोका गया।
ये भी पढ़ें : 6 Oct Ka Panchang : आज के पंचांग से जानिए वाहन खरीदने और विवाह के लिए अनुकूल समय
ये भी देखें : ठग ने बेटी के बारे में कही ऐसी बात जिसे सुन महिला को आया हार्ट अटैक
स्थानीय लोगों के अनुसार इलाके में सड़क निर्माण का काम चल रहा है जिसमें रात में डंपरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। रविवार शाम को बालू ढोने वाले एक डंपर चालक ने बालू को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया और मौके से भाग गया। अगर लोको पायलट की नजर समय पर नहीं पड़ती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।
आपको यह भी बता दें कि पिछले कुछ दिनों में ट्रेन को पलटाने की कोशिश की कई घटनाएं सामने आई हैं। कानपुर में भी एक ऐसी साजिश की खबर आई थी जहां ट्रैक पर सिलेंडर मिला था और इसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा झांसी में टूटी पटरियों पर केरल एक्सप्रेस दौड़ गई थी लेकिन ड्राइवर की सजगता से उसने तुरंत ब्रेक लगा दी थी जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी।


