Raebareli : लालगंज में मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री के एक डॉक्टर को कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या करने के बाद उनके आधिकारिक आवास में लटका हुआ पाया गया। चौंकाने वाली घटना तब सामने आई जब दो दिनों से बंद सरकारी आवास का दरवाजा मंगलवार की रात जबरन खोला गया। डॉक्टर की पत्नी और बेटा एक बेड पर मिले जबकि बेटी अलग बेड पर मिली।
पहले पत्नी और बच्चों को मारा फिर खुद को
एसपी आलोक प्रियदर्शी के मुताबिक प्रारंभिक जांच से पता चला है कि डॉक्टर ने पहले अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या की और फिर खुद फांसी लगा ली। मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री (MRCF) के परिसर में अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के रूप में तैनात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण सिंह (45) का निर्जीव शरीर उनके आधिकारिक आवास में लटका हुआ पाया गया।
बिस्तर पर मिले पत्नी और बच्चों के शव
उनकी पत्नी अर्चना, बेटी अदिति (12) और बेटे आरव (4) के शव बिस्तर पर पड़े मिले। पिछले दो दिनों से डॉक्टर और उनके परिवार को उनके आवास के बाहर नहीं देखा गया था और दरवाजा भी अंदर से बंद था। संदेह होने पर आसपास के लोगों ने मंगलवार रात पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सीओ महिपाल पाठक व अपराध निरीक्षक पंकज त्यागी ने दरवाजा तोड़ा।
लटका मिला डाक्टर का शव
अंदर डॉ. अरुण का निर्जीव शव लटका हुआ मिला। डॉ अरुण सिंह मिर्ज़ापुर के चुनार क्षेत्र के फरहाना गांव के रहने वाले थे। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि फोरेंसिक टीम जांच कर रही है। स्टाफ सदस्यों से पता चला है कि डॉक्टर काफी समय से डिप्रेशन से जूझ रहे थे। मौत का सही कारण जानने के लिए सभी शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा जो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।
ये भी पढ़े : राजा भईया की पत्नी को HC की लखनऊ खंडपीठ ने दी बड़ी रहत, जानिए पीठ का फैसला


