Rajya Sabha : उत्तर प्रदेश की राजनीति में इस वक्त काफी हलचल है और ये हलचल है फिलहाल यूपी में होने वाले राज्यसभा चुनावों को लेकर। यूपी में मंगलवार को होने वाले राज्यसभा (Rajya Sabha) चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। 10 सीटों के लिए 11 उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। इस बीच सुभासपा नेता ओमप्रकाश राजभर ने राजा भैया से मुलाकात की है। राजा भैया की जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के दो विधायक हैं और इन दोनों विधायकों के वोट काफी महत्वपूर्ण हैं।
मुलाकात के बाद ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया है कि राजा भैया राज्यसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन एनडीए के उम्मीदवार को वोट देंगे। राजभर ने यह भी दावा किया कि सपा नेता गायत्री प्रजापति की पत्नी भी एनडीए उम्मीदवार को वोट देंगी। इसके अलावा राजभर ने बहुजन समाज पार्टी से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हुए रितेश पांडे को लेकर भी दावा किया। उन्होंने कहा कि रितेश पांडे को राज्यसभा में वोटिंग के लिए शामिल किया गया है। राजा भैया से राज्यसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और बीजेपी दोनों ने उनसे संपर्क किया है।
समाजवादी पार्टी और बीजेपी के नेताओं ने राजा भैया से मुलाकात की और राज्यसभा में अपनी-अपनी पार्टियों के लिए वोटिंग पर चर्चा की। साथ ही लोकसभा चुनाव में साथ आने की भी बात कही। हालांकि राजा भैया ने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। जानकारी के मुताबिक राजा भैया से मिलने पहुंचे समाजवादी पार्टी ने अपने अच्छे संबंधों का हवाला दिया। इस बीच सपा से नजदीकी बढ़ाते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने राजा भैया को फोन किया और राज्यसभा में वोटिंग के साथ-साथ लोकसभा चुनाव में साथ आने पर चर्चा की।


