Ram Mandir : राम मंदिर (Ram Mandir) निर्माण की गति तेज हो गई है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट 15 जनवरी तक अतिरिक्त व्यवस्थाएं पूरी करने में जुटा है। इसके लिए निर्माण कार्य में 500 अतिरिक्त मजदूरों को तैनात किया गया है। मंदिर निर्माण में अब तक 3500 मजदूर लगे थे और अब इनकी संख्या चार हजार हो गई है। शुरुआत में मजदूर दो शिफ्ट में आठ-आठ घंटे काम कर रहे थे। अब निर्माण कार्य तीन शिफ्ट यानी 24 घंटे चल रहा है।
15 जनवरी को पूरा हो जाएगा लगभग काम
राम मंदिर की नींव तैयार हो चुकी है और फिनिशिंग का काम चल रहा है। नींव में फर्श बिछाने का काम पूरा होने वाला है। नींव के स्तंभों में मूर्तियां तराशने का काम भी 15 जनवरी तक पूरा हो जाएगा। मंदिर के गर्भगृह में तीन फीट ऊंचे और आठ फीट लंबे स्वर्ण सिंहासन का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। सिंहासन पर पीतल का आवरण लगाया जा रहा है जिस पर सोने का लेप लगाया जाएगा।
सोने से सजेंगे मुख्य द्वार और सिंहासन
मंदिर के मुख्य द्वार और गर्भगृह में सिंहासन को सोने से सजाया जाएगा। दिल्ली की एक ज्वैलर्स कंपनी यह काम कर रही है। भगवान राम के सिंहासन पर सोने का पानी चढ़ाने का काम 15 जनवरी तक पूरा हो जाएगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि मंदिर का जितना संभव हो सके उतना काम 15 जनवरी तक पूरा करने की योजना है।


