Sambhal : लखनऊ के होटल में पांच लोगों की हत्या के बाद शुक्रवार को शवों को संभल में दफना दिया गया। मृतकों के शव शुक्रवार सुबह संभल पहुंचे, जहां परिवार में शोक का माहौल था। हत्यारोपी अरशद जेल में है, जबकि उसका पिता फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मृतकों के परिजनों ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि 24 वर्षीय अरशद ने जमीन विवाद और उत्पीड़न से तंग आकर अपनी मां और चार बहनों की हत्या कर दी थी।
घटना लखनऊ के नाका इलाके स्थित होटल शरनजीत में हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी अरशद आगरा का रहने वाला है और घरेलू विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया। मृतकों में अरशद की मां अस्मा और चार बहनें आलिया, अलशिया, अक्सा, और रहमीन शामिल हैं। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद अरशद को गिरफ्तार कर लिया। अस्मा के भाई मोहम्मद जीशान ने कहा कि उन्हें अरशद का फोन आया, जिसमें उसने अपने परिवार को मारने की बात कबूल की। जीशान ने आरोपियों के लिए सख्त सजा की मांग की है।
ये भी पढ़ें : UP News : रिटायर हुए एसएन साबत को मिला नया दायित्व, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के बने अध्यक्ष
ये भी देखें : Rajya Sabha MP Sanjay Raut का बड़ी दावा, “2026 के बाद PM Modi कार्यकाल पूरा नहीं करेंगे”
घटना के बाद सोशल मीडिया पर अरशद का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने मां और बहनों की हत्या की बात स्वीकार की। वीडियो में उसने दावा किया कि इलाके के निवासियों द्वारा किए गए उत्पीड़न से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। अरशद ने कहा कि उसके परिवार को घर से बेदखल कर दिया गया था और उनके पास ठहरने की जगह नहीं बची थी।
उसने इलाके के लोगों पर “अत्याचार” का आरोप लगाया और पुलिस व मुख्यमंत्री से मदद की अपील की। पुलिस ने अरशद को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और उसके फरार पिता को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। घटना के पीछे के कारणों और परिवार के आगरा से लखनऊ आने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।