Shahjahanpur : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक बाइक पर परिवार के आठ सदस्य सवार नजर आ रहे हैं। इस असामान्य दृश्य ने पुलिस और जनता दोनों को हैरान कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि यह परिवार केवल बाइक पर सवार नहीं था बल्कि रजाई, गद्दा, बाल्टी और लाठी भी साथ लिए हुए था।
शाहजहांपुर में इस समय यातायात माह चल रहा है, जिसके तहत ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान चेकिंग करते हुए ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर दिनेश पटेल ने इस बाइक को रोका। बाइक पर सवारियों की गिनती करते हुए पुलिस भी हैरान रह गई। बाइक पर पति-पत्नी और छह बच्चे थे और कोई भी हेलमेट नहीं पहने हुए था। ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर ने परिवार को जागरूक करने का प्रयास किया।
उन्होंने बाइक चालक (Shahjahanpur) को समझाते हुए कहा कि इतने लोगों को बाइक पर बैठाना बहुत खतरनाक है। अगर कोई दुर्घटना हो जाती तो पूरा परिवार खतरे में पड़ सकता था। इसके साथ ही उन्होंने चालक को भविष्य में ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी और उसे जाने दिया। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ लोगों ने इस स्थिति पर हास्यपूर्ण टिप्पणी की।
एक व्यक्ति ने बाइक चालक से मजाक करते हुए कहा इतने लोगों को बैठाना है तो बाइक बेचकर ऑटो खरीद लो। यह घटना मिर्जापुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में ट्रैफिक इंस्पेक्टर दिनेश पटेल का संवेदनशील और जागरूकता बढ़ाने वाला रवैया चर्चा का विषय बन गया है। इस वीडियो ने एक ओर जहां लोगों का ध्यान खींचा वहीं ट्रैफिक नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का एक संदेश भी दिया है।


