Sitapur : रामकोट स्थित धनईखेड़ा गांव में खनन माफिया ने खनन अधिकारी को जान से मारने की धमकी दी। यह घटना तब हुई जब खनन अधिकारी शालिनी कुमारी अवैध खनन की जांच करने गांव पहुंची थीं। शालिनी कुमारी के मुताबिक जब उन्होंने जेसीबी मशीन से हो रहे अवैध खनन को देखा और जांच की तो कुछ लोग उनके साथ बदसलूकी करने लगे और उन्हें गालियां दीं।
खनन अधिकारी (Sitapur) ने अपनी तहरीर में कहा कि जब उन्होंने अवैध खनन के बारे में पूछताछ की, तो एक व्यक्ति ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और उसे जमीन पर पटक दिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें न केवल गालियां दीं बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। खनन अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों ने उनके हमराहों को भी धमकी दी।
खनन अधिकारी और होमगार्ड के साथ मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि अवैध मिट्टी की खुदाई एक अन्य जमीन पर हो रही थी जिसके लिए पहले से अनुमति नहीं ली गई थी। जांच में यह भी पता चला कि यह अवैध खनन और परिवहन अरजीत शुक्ला उर्फ छोटे भईया नामक व्यक्ति द्वारा कराया जा रहा था। खनन अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इनमें से अरजीत शुक्ला और उसके अन्य साथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र के अनुसार, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने इस घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।


