UP Budget : उत्तर प्रदेश सरकार ने आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट पेश (UP Budget) किया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विधानसभा में बजट पेश किया इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य विधानसभा सदस्य मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट 7,36,437.71 करोड़ रुपये है, जिसमें नई योजनाओं के लिए 24,000 करोड़ रुपये शामिल हैं।
ये हैं बजट की मुख्य बातें :
- राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या को वैश्विक पर्यटन केंद्र मानते हुए इसके व्यापक विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का आवंटन।
- दिल्ली के समान लखनऊ में 1500 एकड़ में फैले एयरोसिटी का विकास जिसमें भविष्य की ऊर्जा पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा इसके 4000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
- गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए 2057.76 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं और सरकार 500 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान के साथ आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को एक नए लिंक एक्सप्रेसवे के माध्यम से जोड़ने की योजना बना रही है।
- हवाई कनेक्टिविटी के लिए चयनित हवाई अड्डों का विकास जिनमें अलीगढ़, आज़मगढ़, मुरादाबाद, श्रावस्ती और चित्रकूट शामिल हैं। म्योरपुर (सोनभद्र) और सरसावा (सहारनपुर) में हवाई अड्डों का भी विकास किया जाएगा।
- वाराणसी में 400 करोड़ रुपये के बजट से मेडिकल कॉलेज की स्थापना।
- औद्योगिक, वाणिज्यिक और आवासीय टाउनशिप के विकास के साथ, नोएडा-ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर बुन्देलखण्ड में एक नए औद्योगिक विकास प्राधिकरण (BIDA) का निर्माण।
- धार्मिक मार्गों के विकास के लिए 1750 करोड़ रुपये। शहरों में फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 1000 करोड़ रुपये और लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 500 करोड़ रुपये का आवंटन।
- स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के लिए 4000 करोड़ रुपये का आवंटन जिसके तहत टैबलेट/स्मार्टफोन उपलब्ध कराया जाएगा। चालू वर्ष में 25 लाख वितरित हुए हैं।
- 2025 में प्रयागराज में महाकुंभ के लिए 2500 करोड़ रुपये का प्रावधान।
- अयोध्या के व्यापक विकास के लिए 100 करोड़ रुपये और हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 150 करोड़ रुपये।
- कान्हा गौशाला एवं बेसहारा पशु योजना के लिए 400 करोड़ रुपये।


