UP Budget : आज यानि गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अपना 9वां बजट विधानसभा में पेश किया। वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने इस बजट का प्रस्ताव किया, जो 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक का है। इस बजट में राज्य के विकास के लिए कई नई योजनाओं का ऐलान किया गया है और वित्तीय समृद्धि के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
बजट का आकार और मुख्य आंकड़े
इस बार का बजट 8 लाख 08 हजार 736 करोड़ 06 लाख रुपये का है, जो पिछले बजट से अधिक है। बजट में कुल 28 हजार 478 करोड़ 34 लाख रुपये की नई योजनाएं शामिल की गई हैं, जिनका उद्देश्य राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति देना है।
राजस्व संग्रह लक्ष्य
आबकारी शुल्क से राज्य सरकार ने 63 हजार करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अलावा (UP Budget) राज्य वस्तु एवं सेवा कर (SGST) और मूल्य संवर्धित कर (VAT) से राजस्व संग्रह का लक्ष्य 1 लाख 30 हजार 425 करोड़ रुपये रखा गया है। साथ ही स्टाम्प और पंजीकरण से राजस्व संग्रह का लक्ष्य 38 हजार 150 करोड़ रुपये रखा गया है।
प्राप्तियां
वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल प्राप्तियों का अनुमान 7 लाख 79 हजार 242 करोड़ 65 लाख रुपये है। इन प्राप्तियों में से 6 लाख 62 हजार 690 करोड़ 93 लाख रुपये राजस्व प्राप्तियां हैं, जबकि 1 लाख 16 हजार 551 करोड़ 72 लाख रुपये पूंजीगत प्राप्तियां हैं।
राजस्व प्राप्तियों में कर राजस्व का योगदान 5 लाख 50 हजार 172 करोड़ 21 लाख रुपये है। इसमें से 2 लाख 95 हजार करोड़ रुपये राज्य के स्वयं के कर राजस्व से प्राप्त होंगे, जबकि 2 लाख 55 हजार 172 करोड़ 21 लाख रुपये केंद्रीय करों में राज्य का हिस्सा होंगे।
व्यय
बजट में कुल व्यय का अनुमान 8 लाख 08 हजार 736 करोड़ 06 लाख रुपये रखा गया है। इस व्यय में से 5 लाख 83 हजार 174 करोड़ 57 लाख रुपये का व्यय राजस्व लेखों में और 2 लाख 25 हजार 561 करोड़ 49 लाख रुपये का व्यय पूंजी लेखों में किया जाएगा।