UP Bypolls : उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 9 सीटों पर हुए उपचुनावों के रुझान और परिणामों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में जनता की अटूट आस्था का प्रतीक बताया। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नारे “एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे” का उल्लेख करते हुए इसे “बंटेंगे तो कटेंगे” के संदेश से जोड़ा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनावों में भाजपा-NDA की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व और मार्गदर्शन में जनता की अटूट आस्था का प्रमाण है। यह जीत डबल इंजन सरकार की सुरक्षा, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों तथा समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का सुफल है। उत्तर प्रदेश के सुशासन और विकास के लिए मतदान करने वाले सम्मानित मतदाताओं का मैं आभार व्यक्त करता हूं और सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई!”
गौरतलब है कि उपचुनावों (UP Bypolls) में भाजपा 9 में से 7 सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि 2 सीटों पर समाजवादी पार्टी ने बढ़त बनाई। इन परिणामों को भाजपा के लिए बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है, जो डबल इंजन सरकार की नीतियों और प्रदेश में सुशासन के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है।


