UP News : उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह की उपस्थिति में यूपी परिवहन निगम और इंडियन बैंक के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ। इस समझौते के तहत परिवहन निगम के कर्मचारियों का स्वेच्छा से वेतन खाता इंडियन बैंक में खोले जाने पर बैंक बीमा और अन्य सुविधाएं प्रदान करेगा। कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित हुआ। मंत्री ने कहा कि परिवहन सेवा जोखिमपूर्ण है, ऐसे में यह एमओयू कर्मचारियों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा।
बीमा और अन्य सुविधाओं की घोषणा
परिवहन मंत्री ने बताया कि इस समझौते के तहत दुर्घटना की स्थिति में मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का बीमा कवर मिलेगा। इसके अतिरिक्त, बैंक टर्म लाइफ पॉलिसी भी देगा। दुर्घटनावश मृत्यु के मामलों में बेटी की शादी के लिए 10 लाख रुपये और बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। मंत्री ने कर्मचारियों से इस पॉलिसी का अधिकतम लाभ उठाने और इंडियन बैंक से जुड़ने की अपील की।
व्हीकल लोकेशन और पैनिक बटन की शुरुआत
इस अवसर पर परिवहन मंत्री ने व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन का शुभारंभ भी किया। उन्होंने बताया कि अब लोग बसों की लोकेशन घर बैठे देख सकेंगे, जिससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी। आकस्मिक स्थिति में पैनिक बटन दबाने से तुरंत आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध होंगी। मंत्री ने इसे प्रदेश सरकार की आधुनिक सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक कदम बताया।
वर्दी सहायता और भविष्य की योजनाएं
मंत्री ने बस चालकों और परिचालकों के लिए वर्दी के मद्देनजर 1800 रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वर्दी में काम करने से निगम की छवि बेहतर होती है। उनका उद्देश्य है कि यूपीएसआरटीसी को इतना मजबूत बनाया जाए कि ब्याज से ही इसका संचालन सुचारु रूप से हो सके।
कार्यक्रम में शामिल अधिकारी
इस कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव परिवहन एल. वेंकटेश्वर लू, विशेष सचिव केपी सिंह, प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर, और इंडियन बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बृजेश कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


