UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में सभी होटलों, ढाबों और रेस्तरां में मालिकों और काम करने वालों की नाम पट्टिका लगाने का आदेश दिया था। इसके साथ ही कई अन्य नियमों का पालन करने के लिए कानून बनाने की भी बात की गई थी। सीएम के आदेश के तुरंत बाद अयोध्या प्रशासन ने इसे लागू करने के लिए कदम उठाए हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने इस संबंध में एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए सात दिनों का समय निर्धारित किया गया है। गुरुवार को जारी एडवाइजरी में रेस्तरां और भोजनालयों के संचालकों के नाम और पते को प्रमुखता से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है।
ये भी पढ़ें : Saharanpur News : फर्जी महिला पुलिसकर्मी गिरफ्तार, पुलिस की वर्दी पहनकर करती थी वसूली
अयोध्या के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त मानिक चंद्र ने सभी संचालकों से राज्य सरकार के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने को कहा है। इसके तहत सभी होटल, रेस्तरां और ढाबा प्रतिष्ठानों को रिसेप्शन काउंटर पर संचालकों, मालिकों और प्रबंधकों के नाम और पते प्रदर्शित करने होंगे।
आदेश में यह भी कहा गया है कि ग्राहकों के बैठने की जगह प्रतिष्ठान के अन्य हिस्सों और खासकर रसोई में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करनी होगी और इनकी रिकॉर्डिंग को अगली सूचना तक सुरक्षित रखना आवश्यक है। सभी कर्मचारियों विशेषकर रसोइयों को काम करते समय मास्क और दस्ताने पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। सभी होटल, ढाबा और रेस्तरां को सात दिनों के भीतर इन दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।


