UP News : प्रयागराज में जिला अदालत ने माफिया अतीक अहमद के बेटों, मोहम्मद उमर और अली अहमद, सहित दो अन्य आरोपियों पर बिल्डर से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने और अपहरण के मामले में आरोप तय कर दिए हैं। सुनवाई मंगलवार को हुई, जिसमें दोनों बेटे जेल से ऑनलाइन जुड़े और अपने खिलाफ मामला राजनीतिक साजिश बताया।
उमर और अली के वकील ने कहा कि यह मामला उनके परिवार के खिलाफ राजनीतिक रंजिश के तहत दर्ज किया गया है और उचित जांच से सच्चाई सामने आएगी। अदालत ने आरोप तय करते हुए अगली सुनवाई की तारीख 5 नवंबर निर्धारित की और गवाहों को पेश करने का आदेश दिया।
बिल्डर मोहम्मद मुस्लिम ने अक्टूबर 2021 में खुल्दाबाद थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि अतीक के बेटों और उनके गुर्गों ने उन्हें 5 करोड़ की रंगदारी के लिए अपहरण किया, धमकाया, और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि उसका बेल्ट से गला दबाने का प्रयास भी किया गया था।
मंगलवार की सुनवाई में उमर और अली अहमद लखनऊ और नैनी जेल से ऑनलाइन पेश हुए, जबकि असाद कालिया और जमानत पर बाहर आए नुसरत कोर्ट में मौजूद थे। कोर्ट ने सभी आरोपियों पर आरोप पढ़कर सुनाए और अगली सुनवाई में गवाहों की पेशी का आदेश दिया।


