UP News : उत्तर प्रदेश के बदायूँ में कुछ लोगों ने सार्वजनिक नल से पानी पीने पर 24 वर्षीय एक दलित युवक की कथित तौर पर लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अपर पुलिस अधीक्षक अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि उसहैत थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में मृतक के पिता जगदीश ने आरोप लगाया है कि सोमवार की रात उनके बेटे कमलेश (24) की नल से पानी पीने के लिए सूरज राठौड़ समेत उसके साथियों ने लाठी-डंडों से पिटाई की थी।
उन्होंने बताया कि कमलेश को अस्पताल ले जाया गया जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने सूरज राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया है। श्रीवास्तव ने बताया कि कमलेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिये गये हैं। जांच उझानी के उपजिलाधिकारी द्वारा की जाएगी।
जल संबंधी विवाद
पुलिस अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सूरज पीड़ित कमलेश का पड़ोसी है। पुलिस के मुताबिक सोमवार को कमलेश की बेटी पानी लेने के लिए गांव के सार्वजनिक नल पर गई थी। उस वक्त सूरज वहां मौजूद था और उसने कथित तौर पर लड़की को डांटा था। कुछ स्थानीय निवासियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
लाठियों से हमला
हालांकि बाद में जब कमलेश खेत से लौट रहा था तो तीनों आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया जिससे उसे काफी चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी भाग गया। अमित किशोर श्रीवास्तव ने कहा कि घटनास्थल पर पहुंचे कुछ स्थानीय निवासी और कमलेश के परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले गए। दुर्भाग्यवश मंगलवार को उपचार के दौरान कमलेश ने दम तोड़ दिया। अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को कमलेश के परिवार की शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।


