UP News : उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष और मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव ने हाल ही में संपन्न विधानसभा उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राष्ट्रहित चाहने वाले लोगों की पहली पसंद बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से प्रगति कर रहा है और विश्व के विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा होने की ओर अग्रसर है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (UP News) की प्रशंसा करते हुए उन्हें “बड़े कद का मुख्यमंत्री” बताया और कहा कि जनता का भरोसा पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व पर है।
“भाजपा राष्ट्रीय चिंतन और राष्ट्रीयता की पार्टी”
अपर्णा यादव ने भाजपा को राष्ट्रीयता का प्रतीक बताते हुए कहा कि जो व्यक्ति देश को आगे बढ़ाना चाहता है, वह भाजपा के साथ है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के विदेशी दौरों की सराहना करते हुए कहा कि इनसे भारत की छवि बदली है और देश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को वोट देना राष्ट्रीयता के प्रति समर्थन का प्रतीक है।
ये भी देखें : Maharashtra Assembly Elections में इन बड़े चेहरों की हार ने सभी को चौंकाया
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर जोर
महिलाओं और बच्चों के मुद्दों पर अपर्णा यादव ने कहा कि महिला आयोग और पुलिस प्रशासन अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। हालांकि, समाज को भी अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि छोटी बच्चियां घरों से भाग रही हैं और समाज में नैतिक शिक्षा की कमी है। उन्होंने प्रदेश सरकार को पत्र लिखने की बात कही ताकि नैतिक विज्ञान को पाठ्यक्रम में शामिल किया जा सके और बच्चों को गुड टच-बैड टच और क्राइम और रेप जैसे विषयों पर जागरूक किया जा सके।
सामाजिक जागरूकता की आवश्यकता
अपर्णा यादव ने कहा कि माता-पिता को भी सतर्क रहना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके बच्चे सही दिशा में हैं। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर और अन्य सरकारी प्रयासों की सराहना की लेकिन कहा कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाए बिना महिला और बच्चों के प्रति अपराधों को कम करना मुश्किल होगा। उन्होंने थाना स्तर पर काउंसलिंग की पहल को सराहा और कहा कि समाज को नैतिकता के प्रति जागरूक करना एक लंबी अवधि का समाधान है।


