UP News : कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन द्वारा अदाणी समूह से जुड़े मामले को लेकर संसद में लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) की नेता डिंपल यादव ने बुधवार को स्पष्ट किया कि उनका दल न तो जॉर्ज सोरोस के मुद्दे के साथ है और न ही अदाणी के मुद्दे के साथ।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी से लोकसभा सदस्य डिंपल यादव ने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, “न हम सोरोस के मुद्दे के साथ हैं, न ही अदाणी जी के मुद्दे के साथ हैं। सदन को चलना चाहिए, और हम चाहते हैं कि सदन चले।” उनके इस बयान ने यह स्पष्ट कर दिया कि समाजवादी पार्टी इन मुद्दों पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से अलग रुख अपनाए हुए है।
सपा और तृणमूल कांग्रेस ने इन प्रदर्शनों से रखा खुद को अलग
इस बयान से पहले, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल लगातार अदाणी समूह के खिलाफ संसद में आवाज उठा रहे थे, जहां विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को लेकर प्रतिदिन विरोध प्रदर्शन किए हैं। वहीं, सपा और तृणमूल कांग्रेस ने इन प्रदर्शनों से खुद को अलग रखा है।
सपा की ओर से यह बयान तब आया है जब भारतीय जनता पार्टी विपक्ष पर हमलावर है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि विपक्षी गठबंधन बिखर रहा है और कांग्रेस के नेता अमेरिकी कारोबारी जॉर्ज सोरोस के साथ घनिष्ठ संबंध रखते हैं, जो देश की अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा का आरोप है कि सोरोस भारत के आर्थिक हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं और कांग्रेस उनकी मदद से अपनी राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है।
ये भी देखें : India Alliance में पड़ रही रार! Congress के प्रदर्शन से TMC और सपा रहे दूर
हालांकि, सपा के वरिष्ठ नेता (UP News) रामगोपाल यादव ने इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन एकजुट है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी किसी भी मामले पर कांग्रेस का विरोध नहीं कर रही, लेकिन वह संसद की कार्यवाही की सफलता के लिए दोनों पक्षों से प्रयास की उम्मीद करती है।


