UP Police Exam : उत्तर प्रदेश में 23 अगस्त से शुरू होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा (UP Police Exam) के पहले दिन लगभग 9.50 लाख अभ्यर्थियों के परीक्षा देने की उम्मीद है। इनमें से करीब 4.50 लाख अभ्यर्थियों ने अब तक एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिया है। सभी अभ्यर्थियों का आधार कार्ड सत्यापित किया जा रहा है। भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी राजीव कृष्णा ने बताया कि करीब 20 हजार अभ्यर्थी संदिग्ध माने जा रहे हैं।
इन अभ्यर्थियों को परीक्षा के ढाई घंटे पहले केंद्र पर जाकर अपने दस्तावेजों की ई-केवाईसी करानी होगी। जिनके आधार प्रमाणित हो चुके हैं, उन्हें परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य है। जिनके एडमिट कार्ड में “ई-केवाईसी रिक्वायर्ड एटीएस एग्जामिनेशन सेंटर” लिखा है, उन्हें अब दो घंटे की बजाय ढाई घंटे पहले पहुंचना होगा। बाहरी ई-केवाईसी मान्य नहीं होगी; यह परीक्षा केंद्र पर ही करानी होगी।
ये भी पढ़ें : 20 August 2024 : कन्या राशि के लिए आज का दिन होगा बेहद खास, जानिए बाकी राशियों का हाल
अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, या पासपोर्ट में से कोई एक सही दस्तावेज दिखाना होगा। अन्यथा, कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के दौरान धार्मिक चिन्ह जैसे मंगलसूत्र, कड़ा आदि पर रोक नहीं है। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों को अपने सामान के लिए प्रशासन द्वारा लॉकर की सुविधा दी जाएगी, और पर्ची साथ ले जाने की अनुमति होगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबंधित कमिश्नरेट और जिलों के अधिकारी जानकारी प्रदान करेंगे।
भर्ती बोर्ड को पता चला है कि कई टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुपों पर पेपर बेचने के नाम पर ठगी की जा रही है, जिसकी जांच एसटीएफ द्वारा की जा रही है। यदि एडमिट कार्ड में कोई त्रुटि हो, तो अभ्यर्थी हेल्पलाइन, ईमेल या ट्विटर के माध्यम से बोर्ड को सूचित कर सकते हैं, और उनका निस्तारण शीघ्रता से किया जाएगा। बीते डेढ़ दशक में पेपर लीक, साल्वर गिरोह, और नकल माफिया से जुड़े 1541 सदस्यों की निगरानी एसटीएफ और जिला पुलिस को सौंप दी गई है।


