UP Politics : कांग्रेस पार्टी के अनुषंगी संगठन अखिल भारतीय किसान कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 18 जनवरी से ‘किसान-मजदूर सम्मान एवं न्याय यात्रा’ शुरू करने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा जारी बयान में यह जानकारी दी गई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें इस यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की गई।
यात्रा को सुनियोजित तरीके से संपन्न करने के लिए अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयकों को मंडल स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। देश के अन्य राज्यों से आए पदाधिकारियों को जिले स्तर पर समन्वयक नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश में किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों को जिलों में संयोजक बनाकर यात्रा संचालन का उत्तरदायित्व दिया गया है।
ये भी पढ़ें : UP News : रिटायर हुए एसएन साबत को मिला नया दायित्व, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के बने अध्यक्ष
ये भी देखें : Rajya Sabha MP Sanjay Raut का बड़ी दावा, “2026 के बाद PM Modi कार्यकाल पूरा नहीं करेंगे”
बैठक में अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने बताया कि यह यात्रा 18 जनवरी 2025 को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से शुरू होगी। इसके बाद यात्रा निर्धारित तिथियों में संयोजकों के नेतृत्व और राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में प्रदेश के हर जनपद में पहुंचेगी। यात्रा के दौरान प्रत्येक जनपद से 300 किसान न्याय योद्धा चुने जाएंगे।
यात्रा के समापन के बाद प्रदेश के सभी 75 जिलों के 22,500 किसान न्याय योद्धाओं का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। शुक्ला ने कहा कि अगले एक वर्ष में हर विधानसभा क्षेत्र में 300 किसान न्याय योद्धा बनाए जाएंगे और 2027 विधानसभा चुनाव से पहले 1,20,900 किसान न्याय योद्धाओं का महासम्मेलन आयोजित होगा।
कांग्रेस नेता अजय राय ने बैठक में कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार किसानों, मजदूरों, मेहनतकश लोगों, महिला किसानों और कारीगरों का दमन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान आंदोलन के दौरान एमएसपी की कानूनी गारंटी का वादा किया गया था, लेकिन सरकार अब चुप है। बैठक में कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।


