UP Politics : उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सुप्रीमो मायावती के जन्मदिन पर पहली बार उनके दूसरे भतीजे ईशान आनंद उनके साथ सार्वजनिक रूप से नजर आए। मायावती अपने जन्मदिन के मौके पर जब बीएसपी कार्यालय पहुंचीं, तो उनके पीछे-पीछे दोनों भतीजे आकाश आनंद और ईशान आनंद चल रहे थे। ईशान, आकाश के छोटे भाई हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि मायावती जल्द ही ईशान को भी राजनीति में लॉन्च कर सकती हैं, जैसा उन्होंने आकाश के साथ किया था।
सूत्रों के अनुसार, मायावती के भाई आनंद कुमार की तबीयत ठीक न होने के कारण ईशान को राजनीति में लाने का निर्णय लिया गया है। जन्मदिन के मंच पर ईशान की उपस्थिति को राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आनंद कुमार की अनुपस्थिति में ईशान पार्टी के कामकाज संभाल सकते हैं। फिलहाल, आकाश आनंद दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीएसपी के स्टार प्रचारक हैं।
ये भी देखें : Bihar के किसानों की बल्ले-बल्ले, Nitish Government ने कर दिया बड़ा ऐलान
मायावती ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीएसपी के असाधारण प्रदर्शन का दावा किया। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव निष्पक्ष रूप से कराए जाते हैं, तो नतीजे चौंकाने वाले होंगे। मायावती ने जोर दिया कि बीएसपी पूरी तैयारी और दृढ़ संकल्प के साथ चुनाव लड़ रही है। उन्होंने भाजपा, कांग्रेस और आप पर खोखले वादे करने और सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा न करने का आरोप लगाया।
मायावती ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश और बिहार से काम के लिए दिल्ली आने वाले लोगों को भेदभाव का सामना करना पड़ा, खासकर कोविड-19 के दौरान। उन्होंने दावा किया कि केवल बीएसपी ही ऐसे लोगों की रक्षा कर सकती है। उन्होंने भाजपा और आप पर संकीर्ण राजनीतिक एजेंडा अपनाने और लोगों की वास्तविक समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।


