UP Politics : उत्तर प्रदेश में उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा के बाद राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। समाजवादी पार्टी के ’27 के सत्ताधीश अखिलेश’ पर प्रतिक्रिया देते हुए निषाद पार्टी ने कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद को ’27 का खेवनहार’ बताते हुए लखनऊ में पांच कालिदास मार्ग और भाजपा मुख्यालय के पास पोस्टर लगाए हैं जिससे सियासी हलचल बढ़ गई है।
निषाद पार्टी (Nishad Party) के प्रवक्ता और सचिव अजय सिंह का कहना है कि 2027 में उनकी पार्टी यूपी में एनडीए (UP Politics) की मुख्य धारा बनेगी। संजय निषाद ने भी कहा है कि ये पोस्टर पार्टी के सदस्यों ने लगाए हैं। शुक्रवार को उपचुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ प्रेस वार्ता में डॉ. संजय निषाद ने कहा कि उन्हें एनडीए में सीट नहीं बल्कि जीत चाहिए।
उन्होंने बताया कि निषाद समाज को हक मिलना चाहिए और आरोप लगाया कि बसपा और सपा ने आरक्षण के मुद्दे को लटकाए रखा है। इससे पहले बुधवार को शहर में सपा के पोस्टरों में अखिलेश यादव को ’27 का सत्ताधीश’ बताया गया जिसमें लिखा था, “24 में जनता का आशीष, कौन होगा… सत्ताईश का सत्ताधीश।” उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर है, जबकि मतदान 13 नवंबर को और परिणाम 23 नवंबर को घोषित होंगे।


