UP Politics : उत्तर प्रदेश में हाल ही में राज्यसभा की 10 सीटों (राज्यसभा चुनाव 2024) के लिए चुनाव हुए जिसमें 8 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और 2 सीटों पर समाजवादी पार्टी (एसपी) के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी के कई विधायकों ने क्रॉस वोटिंग (UP Politics) की। इनमें राकेश प्रताप सिंह भी शामिल थे जिन्होंने पार्टी लाइन से हटकर बीजेपी उम्मीदवार को वोट दिया था। अब उन्होंने समाजवादी पार्टी नेता शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात की है।
सूत्रों के मुताबिक इस दौरान राकेश प्रताप सिंह ने अपनी बेटी की शादी के लिए शिवपाल यादव को निमंत्रण भी दिया। राकेश प्रताप सिंह की बेटी की शादी 11 मार्च को लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में होने वाली है। उन्होंने ये न्योता शिवपाल सिंह यादव को दिया। इससे पहले राकेश प्रताप सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यसभा सांसद और पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और बीएसपी नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद सतीश मिश्रा समेत कई नेताओं को अपनी बेटी की शादी में आमंत्रित किया था।
राज्यसभा चुनाव में सपा के चीफ व्हिप मनोज पांडे, विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह, राकेश पांडे, पूजा पाल, विनोद चुतुर्वेदी, आशुतोष मौर्य ने बीजेपी प्रत्याशी संजय सेठ को वोट दिया था। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक जगदीश नारायण राय ने सपा को वोट दिया। जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति की पत्नी महराज देवी ने वोट नहीं डाला था। राकेश प्रताप सिंह गौरीगंज, सदर, अमेठी से विधायक हैं। 2022 के विधान सभा चुनाव में उन्होंने सपा के टिकट पर चुनाव में जीत दर्ज की थी।


