UP Weather: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने राहत भरी करवट ली है। शनिवार को अचानक आसमान में काले बादलों की दस्तक ने चिलचिलाती धूप की तपिश को थाम लिया। कुछ क्षेत्रों में रिमझिम फुहारें पड़ीं और उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही तेज़ हवाओं ने वातावरण को ठंडा कर दिया।UP Weather:
गोरखपुर में तापमान में बड़ी गिरावट
गोरखपुर में बीते 24 घंटों के भीतर दिन और रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। दिन का तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। शनिवार सुबह 8:30 बजे से ही गहरे काले बादलों ने पूरे शहर को ढक लिया था। दिनभर सूरज और बादलों के बीच आंख-मिचौली चलती रही, जबकि कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को गोरखपुर में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था।
अगले पांच दिन सुहाने रहेंगे
मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आने वाले पांच दिन पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना बनी रहेगी। विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। हालांकि न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
वज्रपात और तेज़ हवाओं का अलर्ट
18 मई (UP Weather) को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 19 से 23 मई तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर वज्रपात, आंधी और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
इसके अलावा, 18 मई को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं लू (हीट वेव) की स्थिति भी बनी रह सकती है। वहीं 20 और 21 मई को भी मौसम लगभग ऐसा ही बना रहने की संभावना है।