World Record : अयोध्या में दिवाली का उत्साह चरम पर है, जहां भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर 25 लाख 12 हजार 585 दीप जलाए गए, और सरयू नदी पर 1,121 लोगों ने एक साथ आरती की। ये दोनों कार्यक्रम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड (World Record) में दर्ज हुए हैं।
दिवाली के चलते पूरे देश में रौनक है, और 31 अक्टूबर को दिवाली मनाई जाएगी। 30 अक्टूबर को छोटी दिवाली के मौके पर अयोध्या में 8वां दीपोत्सव मनाया गया, जिसमें सरयू नदी के घाट पर लाखों दीये जलाए गए। इसके लिए 28 लाख दीयों की व्यवस्था की गई थी, ताकि कुछ दीये खराब होने पर भी 25 लाख जलाए जा सकें।
इस कार्यक्रम में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और भगवान हनुमान के कलाकारों के रथ को खींचा और आरती में भाग लिया। उन्होंने रामलला के मंदिर में भी दर्शन किए। इस दौरान भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।
अयोध्या के घाटों को दीयों से सजाया गया है, और विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम हो रहे हैं। सरयू घाट पर लेजर और लाइट शो भी चल रहा है, जो दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। ध्वनि-प्रकाश शो के माध्यम से रामलीला का वर्णन भी किया जा रहा है।


