JDU Meeting : जनता दल यूनाइटेड [ जेडीयू ] की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक इस समय दिल्ली में चल रही है, जिसकी अध्यक्षता पार्टी प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर रहे हैं। आपको बता दें कि जेडी(यू) के वरिष्ठ नेता संजय झा को पार्टी का कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित बैठक के दौरान संजय झा (Sanjay Jha) की नियुक्ति की घोषणा की। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव
बैठक (JDU Meeting) के दौरान संगठन से संबंधित एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय कार्यकारिणी की नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूर्ण आस्था की पुष्टि की गई। जेडी(यू) ने आगामी 2025 बिहार विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ने का संकल्प लिया। साथ ही, जेडीयू पार्टी ने 2024 के झारखंड चुनाव में भी उम्मीदवार उतारने और मजबूती से लड़ने का फैसला किया है।
संगठनात्मक प्रस्ताव में इस बात पर भी जोर दिया गया कि केंद्र और राज्य सरकारों में पार्टी के मंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखें, ताकि बेहतर समन्वय और जमीनी स्तर पर सहभागिता सुनिश्चित हो सके।


