राजनीति

अपना यूपी

क्राइम

बड़ी खबर

स्पोर्ट्स

वेब स्टोरीज

खबर

Saharanpur News : सहारनपुर में मायावती के पोस्टर के साथ युवक ने बनाई आपत्तिजनक वीडियो, जानिए पूरा मामला

by | Oct 23, 2024 | अपना यूपी, बड़ी खबर, मुख्य खबरें, राजनीति

Saharanpur News : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक वीडियो सामने आया है। आपको बता दें कि इस वीडियो ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समर्थकों और दलित समाज में भारी आक्रोश उत्पन्न कर दिया है। इस वीडियो में एक युवक को बसपा सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के पोस्टर के साथ आपत्तिजनक हरकत करते हुए देखा गया है। वीडियो में युवक मायावती के पोस्टर को छलनी से देखकर उन पर पानी छिड़कता हुआ नजर आ रहा है। करवाचौथ के दिन इस युवक ने मायावती के पोस्टर के साथ यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिससे यह तेजी से वायरल हो गया। इस घटना के बाद दलित समाज और बसपा कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सहारनपुर (Saharanpur) के कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कलां गांव के निवासी इस युवक ने जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाला, तो वह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होने के बाद बसपा और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए पुलिस के समक्ष ज्ञापन सौंपा और आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी लवेश, पुत्र राजकुमार सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

बसपा नेता नरेश गौतम ने मायावती को सिर्फ बसपा की नेता नहीं, बल्कि सर्व समाज की नेता बताते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, भीम आर्मी ‘जय भीम’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजीत नौटियाल ने भी प्रशासन को आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की अपील की है। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं, जिसमें सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है।

इस मामले पर जानकारी देते हुए सहारनपुर (Saharanpur) के एसपी सागर जैन ने कहा, “सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो हमारे संज्ञान में आया है, जिसमें एक युवक द्वारा बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली गई है। पार्टी के पदाधिकारी द्वारा थाना बेहट में एप्लीकेशन दी गई है और इस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।”

इस घटना ने सहारनपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना दिया है, और बसपा व दलित समाज के लोग आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें : PM Modi Russia Visit : पीएम मोदी का रूस दौरा, 16वें BRICS सम्मेलन में लेंगे भागीदारी

ये भी देखें : CM Yogi ने शहीद पुलिस कर्मियों को दी श्रद्धांजलि और इस दौरान एनकाउंटर को लेकर नई गाइडलाइन जारी की.

अपना यूपी

क्राइम

आपका जिला

वीडियो

ट्रेंडिंग

बड़ी खबर