Congress Candidate List : महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है, जिसमें 23 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इससे पहले कांग्रेस ने गुरुवार को अपनी पहली सूची में 48 प्रत्याशियों का एलान किया था। इस तरह, अब तक कांग्रेस ने महाराष्ट्र चुनावों के लिए कुल 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। दूसरी सूची में जलगांव (जमोद) से स्वाति संदीप वाकेकर और भुसावल सीट से डॉ. राजेश तुकाराम मनवंतकार को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
दूसरी सूची में नए चेहरों को मिला मौका
कांग्रेस की दूसरी सूची में कई नए चेहरों को शामिल किया गया है। केवल जालना सीट पर मौजूदा विधायक कैलाश गोरंट्याल को फिर से मौका मिला है। इस सूची में कुल तीन महिला उम्मीदवारों के नाम हैं, और 23 सीटों में से अधिकांश सीटें विदर्भ क्षेत्र की हैं। नागपुर दक्षिण सीट से गिरीश पांडव को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस नेता सुनील केदार की पत्नी अनुजा को नागपुर जिले की सावनेर सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। सुनील केदार को एक मामले में दोषी ठहराया गया था, जिस कारण उन्हें विधायक पद से हटना पड़ा था। उनकी अपील फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। पूर्व मंत्री वसंत पुरके अपनी पारंपरिक रालेगांव सीट से चुनाव लड़ेंगे।

मुंबई की तीन प्रमुख सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा
कांग्रेस ने मुंबई की तीन प्रमुख सीटों के लिए भी अपने प्रत्याशियों का एलान किया है। कालू बधेलिया कांदिवली ईस्ट से चुनाव लड़ेंगे, जहां उनका मुकाबला भाजपा के अतुल भातखलकर से होगा। इसी तरह यशवंत सिंह चारकोप से भाजपा के योगेश सागर से, और गणेश यादव सायन कोलीवाड़ा से भाजपा के तमिल सेल्वन से मुकाबला करेंगे। वरिष्ठ नेता शिवाजीराव मोघे के बेटे जितेन्द्र अरणी (एसटी) सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, शेखर शेंडे वर्धा से चुनाव में उतरेंगे। भंडारा से पूजा गणेश थावकर और यवतमाल से अनिल बालासाहेब मुंगालकर को टिकट दिया गया है। जालना से कैलाश किशनराव और वसई से विजय गोविंद पाटिल को उम्मीदवार घोषित किया गया है। कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर कृष्णराव बावनकुले के खिलाफ नागपुर जिले के कामठी सीट से यादवराव भोयर को उतारा है।
पहली सूची में मौजूदा विधायकों की प्राथमिकता
कांग्रेस की पहली सूची में कुल 25 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया था। आगामी 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी एसपी) के साथ मिलकर महा विकास अघाड़ी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है। गठबंधन के तहत राज्य की 288 विधानसभा सीटों में से तीनों पार्टियां 85-85-85 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। कुछ सीटों पर अब भी सहमति बनना बाकी है, जबकि 18 सीटें सहयोगी दलों जैसे समाजवादी पार्टी (सपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (सीपीआईएम) आदि को देने का विचार है। पहली सूची में, कांग्रेस ने पूर्व मंत्री नितिन राउत (नागपुर उत्तर), बालासाहेब थोराट (संगमनेर), ज्योति एकनाथ गायकवाड़ (धारावी), अमित देशमुख (लातूर शहर), और धीरज देशमुख (लातूर ग्रामीण) को उम्मीदवार घोषित किया है।
ये भी पढ़ें : 26 October Ka Rashifal : जानें किस राशि को मिलेंगी खुशियों की सौगात, पढ़ें अपनी राशिफल
ये भी देखें : Prashant Kishore ने बोला Nitish Kumar की सरकार पर हमला कहा, ‘जंगल राज रिटर्न्स’


