RSS and Yogi Adityanath news : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने हिंदू एकता को सभी की भलाई के लिए आवश्यक बताया है और कहा कि समाज को धर्म, जाति और विचारधारा के नाम पर विभाजित करने वाली ताकतों से सतर्क रहने की जरूरत है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए नारे “बटेंगे तो कटेंगे” का समर्थन करते हुए होसबाले ने कहा कि यदि हिंदू समाज जाति, भाषा या प्रांत के आधार पर विभाजित होगा, तो उसकी एकता पर खतरा मंडराएगा। होसबाले ने यह बात उत्तर प्रदेश के मथुरा में दीनदयाल उपाध्याय गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मण्डल की द्विदिवसीय बैठक के समापन के अवसर पर कही।
होसबाले ने हिंदू समाज में एकता की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यह एकता न केवल समाज की सुरक्षा के लिए बल्कि लोक कल्याण के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने कहा, “हिंदू एकता केवल कहने से नहीं होगी, इसके लिए निरंतर प्रयास करने पड़ेंगे और इसे व्यवहार में भी लाना पड़ेगा।”
“हिंदू विचार को भूलना आमंत्रण है विपदा का”
होसबाले ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू समाज जब भी अपने मूल विचारों और संस्कृति को भूलता है, तब उसे आपदाओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने संघ के गीत की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा, “जब-जब हिंदू भाव को भूले, आई विपदा महान, भाई टूटे, धरती खोई, मिटे धर्म संस्थान।” उन्होंने इसे वर्तमान संदर्भ में जोड़ते हुए कहा कि यह संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है।
मथुरा विवाद पर विचार
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह के विवाद पर होसबाले ने कहा कि यह मामला अदालत में विचाराधीन है और आरएसएस को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मथुरा के मामले में अयोध्या जैसा कुछ करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा हमें उम्मीद है कि अदालत इस मुद्दे को जल्द सुलझाएगी और इस पर न्यायपालिका के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।
ये भी देखें : ट्रेन में मिला खराब खाना तो AI करेगा करें अलर्ट, IRCTC ने की अनोखी पहल


