UPPSC Exam Candidate : उत्तर प्रदेश में यूपीपीएससी परीक्षा के नॉर्मलाइजेशन और अन्य मांगों को लेकर प्रतियोगी छात्रों के विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। इस बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने छात्रों की चिंताओं पर प्रतिक्रिया दी है। मौर्य ने कहा कि यूपीपीएससी परीक्षा को लेकर छात्रों की मांगें गंभीर और महत्वपूर्ण हैं, और इसे संवेदनशीलता से समझने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों से छात्रों की समस्याओं को सुनने और समाधान निकालने का निर्देश दिया ताकि छात्र आंदोलन की बजाय अपनी परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
केशव प्रसाद मौर्य की प्रतिक्रिया
केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “यूपी पीसीएस परीक्षा में एक से अधिक दिन की परीक्षा, निजी संस्थानों को परीक्षा केंद्र न बनाने और मानकीकरण प्रक्रिया को लेकर छात्रों की चिंताएं गंभीर और महत्वपूर्ण हैं। यह आवश्यक है कि परीक्षाएं पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी हों, जिससे छात्रों की मेहनत का सम्मान हो और उनका भविष्य सुरक्षित रहे।”
डिप्टी सीएम ने योगी सरकार के नेतृत्व में निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया को एक मिसाल के तौर पर प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 2017 से भर्ती माफियाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं और लगभग 7 लाख युवाओं को नौकरी देकर अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्रों की मांगों को ध्यान से सुनें और उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्र निकालें ताकि छात्रों का समय आंदोलन में नहीं, बल्कि तैयारी में लगे। उन्होंने यह भी कहा कि न्यायालय में लंबित मामलों का भी जल्द समाधान निकाला जाए ताकि किसी भी छात्र का भविष्य अंधकार में न रहे।
छात्रों का रातभर प्रदर्शन
सोमवार से यूपीपीएससी के प्रतियोगी छात्र अपने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका मुख्य मुद्दा वन डे शिफ्ट में परीक्षाएं कराने की मांग है। छात्रों का विरोध प्रदर्शन लोक सेवा आयोग के सामने जारी है और वे रातभर सड़कों पर जमे रहे। छात्रों ने खाली बोतलें सड़क पर पीटकर अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को स्वीकार नहीं किया जाएगा, तब तक वे धरना जारी रखेंगे।
आयोग का बयान
इस पूरे विवाद पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने भी अपना पक्ष रखा है। आयोग के प्रवक्ता ने कहा है कि परीक्षा की शुचिता और गुणधर्मिता को सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य को संरक्षित करने के उद्देश्य से परीक्षाएं केवल उन केंद्रों पर कराई जा रही हैं, जहां किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना नहीं है।
ये भी पढ़ें : Banda News : थाने में खड़ा जब्त ट्रक हुआ चोरी, पुलिस ने दर्ज किया चोरी का केस
ये भी देखें : Maharashtra में बीच भाषण में गुस्सा हुए Amit Shah | Dainik Hint |


