Prayagraj News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हाल ही में दिया गया नारा “बंटोगे तो कटोगे” सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। इसके बाद इस नारे के जवाब में कई राजनीतिक दलों और नेताओं ने अपने स्लोगन तैयार कर लिए। आपको बता दें कि उसके बाद कांग्रेस ने “जुड़ेंगे तो बढ़ेंगे” और “जुड़ेंगे और जीतेंगे” जैसे नारे दिए, तो झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने “न बंटेंगे न टूटेंगे” कहा, इसी तरह आम आदमी पार्टी ने “न बंटेंगे न कटेंगे” का नारा दिया। इन नारों की एक श्रृंखला सी बन गई है और इस बीच प्रयागराज में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के हालिया निर्णयों के खिलाफ धरने पर बैठे छात्रों ने भी अपना नया नारा बना लिया है—”न बटेंगे न हटेंगे।”
प्रयागराज में छात्रों का आंदोलन
प्रयागराज के चंद्रशेखर आजाद पार्क के पास धरने पर बैठे छात्रों ने “न बटेंगे न हटेंगे” के नारे के साथ अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया। वे UPPSC की परीक्षाओं में “वन डे वन शिफ्ट” की मांग कर रहे हैं और नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया के खिलाफ हैं। सोमवार को छात्रों ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आयोग के निर्णयों के प्रति अपनी असहमति व्यक्त की।
छात्रों की मांगें और आंदोलन की वजह
छात्रों की मांग है कि 7 और 8 दिसंबर को होने वाली पीसीएस प्री परीक्षा तथा 22 और 23 दिसंबर को आरओ/एआरओ परीक्षा को केवल एक दिन और एक ही शिफ्ट में आयोजित किया जाए, जिससे परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहे। वे चाहते हैं कि नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया को समाप्त किया जाए क्योंकि उन्हें यह अपने लिए असमानता और अन्यायपूर्ण लगता है।
छात्रों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन
धरना स्थल पर छात्रों के बीच केवल तिरंगा ही दिखाई दिया और किसी भी राजनीतिक संगठन का कोई झंडा नहीं दिखा। छात्रों के हाथों में शहीद चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह और महात्मा गांधी की तस्वीरें भी लहराती दिखीं। वे शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं और स्पष्ट कर चुके हैं कि उनकी मांगें पूरी होने तक वे वहां से हटने वाले नहीं हैं।
भारी पुलिस बल की तैनाती
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के बाहर हो रहे इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। (Prayagraj News) सोमवार को जब छात्रों ने आयोग के कार्यालय तक जाने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रही।
पहले भी कर चुके हैं विरोध प्रदर्शन
यह पहली बार नहीं है जब छात्रों ने UPPSC के फैसलों के खिलाफ आवाज उठाई है। इससे पहले भी 21 अक्टूबर को हजारों अभ्यर्थियों ने UPPSC प्री 2024 और RO/ARO 2023 प्री एग्जाम को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय भी छात्रों ने “नो नॉर्मलाइजेशन” और “वन डे वन शिफ्ट” की मांग को लेकर अपना विरोध जताया।
ये भी देखें : आखिर क्यों Shivpal Yadav के सामने फूट-फूट कर रोई SP candidate Naseem Solanki ?


