कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi ) ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और उनके पार्टी के लोग बंद कमरों में संविधान की हत्या कर रहे हैं। राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में चुनावी प्रचार के दौरान कहा कि जब राज्य की सरकार को चोरी करने के लिए बैठकें हो रही थीं, तब क्या वे संविधान की रक्षा कर रहे थे? उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा और नरेंद्र मोदी की सरकार महाराष्ट्र में धारावी की जमीन पर अडाणी के फायदे के लिए साजिश रच रही थी।
राहुल गांधी ने कहा, “जब महाराष्ट्र की सरकार को चोरी करने की मीटिंग में अडाणी, अमित शाह और भाजपा के लोग बैठे थे, तब क्या वे संविधान की रक्षा कर रहे थे? आज पूरा महाराष्ट्र जानता है कि वे सरकार धारावी के कारण चोरी कर रहे थे, क्योंकि भाजपा और नरेंद्र मोदी धारावी की जमीन अपने मित्र अडाणी को देना चाहते थे।”
राहुल गांधी का बीजेपी पर आरोप
इस दौरान राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार के हालिया बयान का भी जिक्र किया, जिसमें पवार ने 2019 में भाजपा और एनसीपी के बीच सरकार बनाने के लिए हुई बैठकें और उसमें उद्योगपति गौतम अडाणी की मौजूदगी का खुलासा किया था। राहुल गांधी ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा और नरेंद्र मोदी के लोग केवल अपनी साजिशों में व्यस्त हैं, जबकि संविधान की रक्षा की बात सिर्फ कागजी बातें बनकर रह गई है।
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं, और कांग्रेस पार्टी महाविकास अघाड़ी गठबंधन के तहत सबसे अधिक 103 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। राहुल गांधी ने इस मौके पर भाजपा और RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि वे संविधान की किताब को सिर्फ एक कागज की खोखली किताब मानते हैं, लेकिन संविधान देश का DNA है और इसमें महात्मा गांधी, शिवाजी महाराज और बाबा साहेब अंबेडकर की सोच समाई हुई है। उन्होंने कहा, “भाजपा और RSS के लोग संविधान की असल भावना को नहीं समझते। उनके लिए संविधान की किताब बस एक खोखली किताब है।”
‘भाजपा के नेताओं को संविधान का असली महत्व समझ में नहीं आता’ – Rahul Gandhi
राहुल गांधी ने अमरावती में चुनाव प्रचार के दौरान कहा, “संविधान की किताब हमारे लिए सिर्फ एक किताब नहीं है। इसमें जो लिखा है, वह भारत के लाखों लोगों की लड़ाई और बलिदान की कहानी है।” उन्होंने यह भी कहा कि संविधान में जो मूल्य और सिद्धांत समाहित हैं, उनके लिए भारतीय जनता वर्षों से संघर्ष कर रही है और बलिदान दे रही है।
गौरतलब है कि भाजपा नेताओं ने हाल ही में राहुल गांधी द्वारा प्रचार के दौरान दिखाई गई संविधान की किताब को लेकर तंज कसा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 नवंबर को राहुल गांधी के बारे में यह टिप्पणी की थी कि वह जो किताब लेकर घूम रहे हैं, उसके पन्ने खाली हैं। हालांकि राहुल गांधी ने इसे अपनी चुनावी रणनीति का हिस्सा बताया और कहा कि भाजपा के नेताओं को संविधान का असली महत्व समझ में नहीं आता।


