Anuj Chowdhary : संभल जिले में हुई हिंसा के बाद से डिप्टी एसपी अनुज चौधरी सुर्खियों में हैं। दरअसल, उनका एक बयान काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रहे हैं कि “पुलिस को भी आत्मरक्षा का अधिकार है और पुलिसकर्मी मरने के लिए पुलिसबल में भर्ती नहीं हुए हैं।” इस वायरल वीडियो में वह यह भी कहते नजर आ रहे हैं, “पुलिसकर्मियों के भी परिवार होते हैं, क्या हमारा परिवार नहीं है?” अनुज चौधरी ने यह भी सवाल उठाया कि “संभल में 4 से 6 घंटे तक जो हालात थे, उसे पहले समझना चाहिए।” उनका यह बयान चर्चा का विषय बन गया है, खासकर जब उन्होंने पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और आत्मरक्षा के अधिकार की बात की।
यह पहली बार नहीं है जब अनुज चौधरी चर्चा में आए हैं। वह एक पूर्व अंतरराष्ट्रीय कुश्ती पहलवान हैं और कई मेडल जीत चुके हैं। इसके साथ ही वह समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता आजम खान के साथ बहस के बाद भी चर्चा में रह चुके हैं।
कौन हैं डिप्टी एसपी अनुज चौधरी?
संभल के डिप्टी एसपी अनुज चौधरी का नाम देश के शीर्ष कुश्ती खिलाड़ियों में लिया जाता है। अनुज चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में कई मेडल जीते हैं। वह 2002 और 2010 के नेशनल गेम्स में दो सिल्वर मेडल जीत चुके हैं और एशियाई चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक भी जीते हैं।
मुजफ्फरनगर के बहेड़ी गांव से ताल्लुक रखने वाले अनुज चौधरी ने 1997 से 2014 तक कुश्ती में नेशनल चैंपियन के रूप में अपना नाम दर्ज कराया था। उन्हें साल 2001 में लक्ष्मण अवार्ड और 2005 में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इसके बाद, उन्होंने स्पोर्ट्स कोटे से उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती होकर साल 2012 में डिप्टी एसपी का पद प्राप्त किया। उनकी मजबूत कदकाठी, बेधड़क अंदाज और बॉडी फिटनेस के कारण वह पुलिस विभाग में काफी चर्चित हैं।
आजम खान से बहस
अनुज चौधरी का नाम रामपुर में तैनाती के दौरान सपा नेता आजम खान से हुई एक बहस के कारण भी चर्चा में आया था। घटना उस समय की है जब आजम खान सपा प्रतिनिधि मंडल के साथ मुरादाबाद कमिश्नर से मिलने जा रहे थे। उस दौरान सीओ सिटी रहते हुए अनुज चौधरी ने कहा था कि केवल 27 लोग ही अंदर जा सकते हैं। इस पर आजम खान ने जवाब दिया था, “समाजवादियों ने ही पहलवानों को पहचाना था। अखिलेश यादव का एहसान याद है।” इसके जवाब में अनुज चौधरी ने कहा था, “ऐसा एहसान नहीं होता, अर्जुन अवार्ड मिलता है किसी के एहसान से नहीं।” इस बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था और दोनों के बीच की तीखी नोकझोंक को लेकर काफी चर्चा हुई थी।
संभल हिंसा में घायल हुए अनुज चौधरी
संभल हिंसा के दौरान अनुज चौधरी को पैर में गोली लगी थी। जब वह उपद्रवियों को काबू करने की कोशिश कर रहे थे, तभी अराजक तत्वों ने उन्हें निशाना बनाते हुए उनके पैर में गोली मार दी। इस घटना के बाद से अनुज चौधरी लगातार चर्चा में बने हुए हैं, और उनकी बहादुरी और आत्मरक्षा की बातों ने उन्हें और भी प्रमुख बना दिया है।
ये भी पढ़ें : 27 Nov Ka Panchang : पंचांग से आज का शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय
ये भी देखेंं : Milkipur Seat पर By-Election को लेकर High Court से BJP को बड़ा झटका, याचिका की खारिज


