Parliament Session : संसद के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा, और कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर अडानी मामले पर चर्चा की मांग की। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन नोटिस दायर किया है, जिसमें उन्होंने अदाणी समूह पर भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और प्रतिभूति धोखाधड़ी के आरोपों पर तत्काल चर्चा की अनुमति मांगी है।
कांग्रेस पार्टी 25 नवंबर से ही शीतकालीन सत्र की शुरुआत से अडानी मामले पर लोकसभा में चर्चा करने की मांग कर रही है, और इस मुद्दे पर विपक्ष लगातार सरकार पर दबाव बना रहा है।
दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित
विपक्ष के हंगामे और अवरोध के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित की गई, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई। संसद की कार्यवाही ठप होने के कारण दोनों सदनों में कोई महत्वपूर्ण चर्चा नहीं हो पाई।
अडानी मामले पर विपक्ष का हंगामा
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव पेश करते हुए कहा, “मैं अडानी मामले पर तुरंत चर्चा करने की मांग करता हूं। (Parliament Session) अडानी ग्रुप पर हाल ही में भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और प्रतिभूति धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं, और इस पर संसद में चर्चा होनी चाहिए।” मणिकम टैगोर ने सरकार से इस गंभीर मामले पर जवाब देने का आग्रह किया है।
समाजवादी पार्टी का आरोप
समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने भी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र सरकार अडानी, संभल और मणिपुर जैसे मुद्दों पर चर्चा से भाग रही है। उन्होंने आरोप लगाया, “जब सरकार नहीं चाहती कि संसद चले, तो वह कैसे चलेगी?” राम गोपाल यादव ने सरकार पर संसद में बहस को टालने का आरोप लगाया।


