Farmers Protest News : नोएडा में राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर प्रदर्शन कर रहे किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। यहां किसान विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए थे। बीते सोमवार को किसानों ने महामाया फ्लाइओवर से दिल्ली कूच का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें प्रेरणा स्थल पर ही रोक दिया और दिल्ली जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद प्रदर्शनकारी किसान वहीं बैठ गए। मंगलवार को पुलिस ने इन्हें जबरन हटाना शुरू कर दिया, जिससे किसानों में आक्रोश बढ़ गया है।
नोएडा प्राधिकरण में घुसे किसान
इसी बीच कुछ किसान नोएडा प्राधिकरण में घुस गए। वहां भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें बाहर निकाला और एक किसान को हिरासत में ले लिया। इस घटना से प्रदर्शनकारी किसानों में और गुस्सा फैल गया है।
दिल्ली पुलिस ने दिखाई सतर्कता
नोएडा में किसानों के प्रदर्शन के कारण दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में भी हंगामे का असर दिखा। दिल्ली पुलिस ने स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी किया। सोमवार सुबह से ही नोएडा से सटी सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। पुलिस ने वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी, जिससे नोएडा लिंक रोड, डीएनडी फ्लाईवे, और कालिंदी कुंज बॉर्डर जैसे प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक जाम लग गया।
जाम के कारण कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली और नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जाम से बचने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
दिल्ली में प्रवेश पर रोक
दिल्ली-यूपी की सीमा पर विशेष रूप से चिल्ला बॉर्डर पर पुलिस और आरएएफ की तैनाती की गई है। पूर्वी दिल्ली पुलिस उपायुक्त अपूर्व गुप्ता ने बताया कि संसद सत्र के चलते प्रदर्शनकारी किसानों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा, “हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी कानून-व्यवस्था न बिगाड़े। नोएडा पुलिस के साथ समन्वय कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।”
आम लोगों पर इसका असर
किसानों के प्रदर्शन और पुलिस की सुरक्षा तैयारियों के कारण दिल्ली और नोएडा के बीच यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। नोएडा-गौतम बुद्ध नगर से दिल्ली आने वाले सभी मार्गों पर भारी जाम देखने को मिला। लोगों को दिनभर सोशल मीडिया और हेल्पलाइन नंबरों पर यातायात की जानकारी लेनी पड़ी।


