Mahoba News : महोबा जिले के अजनर थाना क्षेत्र के कैथोरा गांव में एक पारिवारिक मकान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुरुवार को मामा और भांजे के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि भांजे नीरज राजपूत ने अपने मामा श्याम सिंह और मामी शिवकली पर फायरिंग कर दी। इस घटना में 40 वर्षीय शिवकली को गोली लगने से गंभीर चोटें आईं, जबकि झगड़े में श्याम सिंह और नीरज की बहन वर्षा (18) भी घायल हो गईं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पथराव और फायरिंग का दृश्य स्पष्ट देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि मकान के कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी।
मकान विवाद बना हिंसा की वजह
श्याम सिंह के बेटे मनोज ने आरोप लगाया कि नीरज चार दिन पहले ही जेल से जमानत पर छूटा था और उसने मकान पर कब्जे को लेकर विवाद करते हुए तमंचे से फायरिंग कर दी। वहीं, दूसरे पक्ष के वीर सिंह ने दावा किया कि विवादित मकान उनका है और मारपीट की शुरुआत श्याम सिंह के परिवार ने की।
घायलों को अस्पताल भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही अजनर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जैतपुर भेजा। डॉक्टर आशीष तिवारी ने बताया कि घायलों का प्राथमिक उपचार किया है।
पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया
इस मामले में सीओ कुलपहाड़ हर्षिता गंगवार ने बताया कि पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
लंबे समय से चल रहा था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवादित मकान को लेकर दोनों पक्षों में पहले से तनाव था, जो इस घटना का कारण बना। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच हो रही झड़प और फायरिंग का दृश्य देखा जा सकता है।
पुलिस की ओर से जल्द ही मामले को लेकर विस्तृत जानकारी दिए जाने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : Raja Bhaiya News : यूपी विधानसभा में संभल मामले को लेकर राजा भैया का बयान वायरल