Delhi Elections 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को बुजुर्गों के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने ‘संजीवनी योजना’ का ऐलान किया, जिसके तहत 60 साल से अधिक उम्र के सभी नागरिकों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। इस योजना में कोई श्रेणी या खर्च की सीमा नहीं होगी। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में सरकार बनने के बाद यह योजना लागू की जाएगी।
बुजुर्गों के लिए ऐतिहासिक योजना – केजरीवाल
संजीवनी योजना का ऐलान करते हुए अरविंद केजरीवाल ने इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, “आज जो मैं बुजुर्गों के लिए योजना का एलान कर रहा हूं, वह इतिहास में कभी नहीं हुआ। हम बुजुर्गों का बहुत सम्मान करते हैं। आपने देश को आगे बढ़ाने के लिए बहुत काम किया है, अब हमारी बारी है।”
केजरीवाल ने बताया कि इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना शुरू की थी, जिससे लगभग 1 लाख बुजुर्ग लाभान्वित हो चुके हैं। इस योजना के तहत बुजुर्गों को देश के विभिन्न तीर्थ स्थलों पर भेजा जाता है और पूरा खर्च दिल्ली सरकार उठाती है।
60 साल से ऊपर के सभी नागरिकों को मुफ्त इलाज
संजीवनी योजना के तहत 60 साल से अधिक उम्र के सभी नागरिकों का इलाज मुफ्त में किया जाएगा। केजरीवाल ने कहा, “जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, बीमारियां घेरने लगती हैं। कई बार बच्चे मां-बाप का ख्याल नहीं रखते। इस स्थिति में बुजुर्गों के लिए यह योजना एक राहत की तरह होगी।”
कोई कैप नहीं, कोई श्रेणी नहीं
केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि इस योजना का लाभ सभी बुजुर्गों को मिलेगा। योजना का लाभ लेने के लिए किसी तरह की श्रेणी या सीमा निर्धारित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना सरकार बनने के बाद तुरंत लागू की जाएगी और इसके लिए घर-घर रजिस्ट्रेशन शुरू किया जाएगा।
महिलाओं के लिए ‘महिला सम्मान योजना’ का ऐलान
संजीवनी योजना से पहले केजरीवाल ने महिलाओं के लिए ‘महिला सम्मान योजना’ की घोषणा की थी। इस योजना के तहत 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जाएंगे, जबकि चुनाव जीतने के बाद इसे बढ़ाकर 2100 रुपये कर दिया जाएगा।
केजरीवाल की अपील
अरविंद केजरीवाल ने जनता से अपील करते हुए कहा, “आप अपना आशीर्वाद बनाए रखें। बुजुर्गों और महिलाओं के लिए जो योजनाएं शुरू की जा रही हैं, वे उनकी जिंदगी को बेहतर बनाएंगी।”
ये भी पढ़ें : Noida : नोएडा के प्ले स्कूल में मिला हिडन कैमरा, मोबाइल पर देख रहा था लाइव स्ट्रीमिंग
ये भी देखें : CM Yogi ने Shivpal Singh Yadav पर कसा तंज, ‘जनता ने कहा सफाचट…’


