Sambhal News : संभल के सपा सांसद जिया उर रहमान बर्क के खिलाफ बिजली चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला बिजली विभाग की टीम द्वारा की गई जांच के दौरान सामने आया, जब सांसद के घर में बिजली चोरी पाई गई।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सांसद बर्क के घर पर 2-2 किलोवाट के दो कनेक्शन थे। एक कनेक्शन उनके दादा के नाम पर था और दूसरा कनेक्शन खुद सपा सांसद के नाम पर था। 2 दिन पहले ही बिजली विभाग की टीम ने यहां स्मार्ट मीटर लगवाया था, जिसके बाद यह देखा गया कि पिछले छह महीने से मीटर पर जीरो यूनिट की खपत दिखाई दे रही थी, जबकि लोड काफी बढ़ा हुआ था। इस संदर्भ में एक जांच की गई और जांच के दौरान बिजली चोरी की पुष्टि हुई।
सपा सांसद के खिलाफ बिजली चोरी का केस दर्ज
बिजली विभाग के अधिकारियों ने यह भी बताया कि मीटरों को लैब में भेजा गया था, जहां जांच में दोनों मीटरों में छेड़छाड़ पाई गई। इसके बाद ही इस मामले में (Sambhal News) सपा सांसद के खिलाफ बिजली चोरी का केस दर्ज किया गया है।
इसके अलावा, बिजली विभाग की टीम ने आरोप लगाया कि जब वे जांच के लिए सांसद के घर पहुंचे, तो उन्हें धमकाया गया। बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सांसद के पिता ने उनकी टीम को धमकाया और कहा कि जब उनकी सरकार आएगी, तब इसका बदला लिया जाएगा। इस धमकी के संबंध में भी अधिकारियों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करने का फैसला किया है और इस मामले में भी केस दर्ज करवाया जाएगा।
ये भी पढ़ें : Noida : नोएडा के प्ले स्कूल में मिला हिडन कैमरा, मोबाइल पर देख रहा था लाइव स्ट्रीमिंग
ये भी देखें : CM Yogi ने Shivpal Singh Yadav पर कसा तंज, ‘जनता ने कहा सफाचट…’


