Kanpur-Lucknow Expressway : कानपुर और लखनऊ के बीच कनेक्टिविटी को और तेज़ बनाने का महत्वपूर्ण कार्य इस साल तक पूरा हो सकता है। दोनों प्रमुख शहरों के बीच एक एक्सप्रेस-वे का निर्माण लंबे समय से जरूरी था, और अब यह सपना जल्द ही हकीकत बनने जा रहा है। 63 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे न सिर्फ आम लोगों के लिए बल्कि व्यापारिक दृष्टिकोण से भी काफी लाभकारी साबित होगा। विभाग को उम्मीद है कि इस एक्सप्रेस-वे को इस साल के भीतर जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
लखनऊ जो उत्तर प्रदेश की राजधानी है, और कानपुर जिसे देश का मैनचेस्टर कहा जाता है, के बीच की दूरी को तय करने में घंटों लग जाते हैं। इस समस्या को हल करने के लिए एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जा रहा है। दोनों शहरों के बीच की दूरी करीब 85 किलोमीटर है, और वर्तमान में सड़क मार्ग से इस दूरी को तय करने में दो घंटे से ज्यादा का समय लगता है। इस समस्या के समाधान के लिए एक एक्सप्रेस-वे का निर्माण लंबे समय से जरूरी महसूस हो रहा था।
कितना हुआ काम पूरा, क्या है लागत
भारतमाला परियोजना के तहत बनाए जा रहे इस एक्सप्रेस-वे का लगभग 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसमें 18 किलोमीटर एलिवेटेड और 45 किलोमीटर ग्रीन फील्ड क्षेत्र शामिल है। इस एक्सप्रेस-वे को लखनऊ एक्सप्रेस-वे से भी जोड़ा जाएगा। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के निर्माण में लगभग 4700 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस एक्सप्रेस-वे के बनने से न सिर्फ दैनिक यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटन और व्यापार में भी वृद्धि होगी। खासकर कानपुर से लगभग 12 हजार लोग रोज लखनऊ काम करने जाते हैं, जिन्हें यह एक्सप्रेस-वे बहुत सुविधा देगा।
45 मिनट में होगी दूरी तय
इस एक्सप्रेस-वे पर यात्रा करते समय दो दर्जन से ज्यादा छोटे-बड़े पुल और छह फ्लाईओवर पार करने होंगे। यह छह लेन वाला एक्सप्रेस-वे 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चलाने की सुविधा देगा। अधिकारियों के अनुसार, एक्सप्रेस-वे के बन जाने के बाद कानपुर से लखनऊ की दूरी केवल 35 से 45 मिनट में तय की जा सकेगी। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह एक्सप्रेस-वे जून-जुलाई तक पूरा होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें : Bijapur Journalist Murder : पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में 3 आरोपियों की गिरफ्तारी, सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग
ये भी देखें : Acharya Pramod ने PM Modi की तारीफ, Asaduddin Owaisi पर जमकर साधा निशाना


