Lucknow News : लखनऊ के 1090 चौराहे स्थित चटोरी गली में रविवार रात एक गंभीर घटना सामने आई, जब बीजेपी से जुड़े एक मौसमी नेता के गुर्गों ने पत्रकार रवि श्रीवास्तव और उनके परिवार पर हमला कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब रवि श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ खाने के लिए गए थे। खाने का सामान खराब होने पर शिकायत के बाद विवाद उत्पन्न हुआ, जिसके चलते नेता के गुर्गों ने पत्रकार के परिवार के साथ मारपीट और बदसलूकी की।
हमलावरों में मुख्य रूप से मनोज सिंह के गुर्गे शामिल थे, जिनमें मुन्ना पठान, हसीब खान, मनोज सिंह का बेटा और एक अन्य व्यक्ति शामिल थे। जब मामला थाने पहुंचा तो पुलिस भी नेता के प्रभाव के आगे झुकी हुई नजर आई। हालांकि, बड़े अधिकारियों के आने के बाद पुलिस ने स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू की।
सफेद ट्रैकसूट में हथियारबंद नेता का रौब
पत्रकार रवि श्रीवास्तव जब अपने परिवार के साथ थाने पहुंचे तो वहां पर सफेद ट्रैकसूट में सरकारी गनरों से लैस मौजूदा बीजेपी नेता मनोज सिंह रौब गांठते हुए पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए नजर आए। रवि श्रीवास्तव अपनी पत्नी, बच्चों, बुजुर्ग माता-पिता और भाई के परिवार के साथ 1090 चौराहे स्थित चटोरी गली में खाने के लिए गए थे, जहां उनका विवाद हुआ। डायल 112 की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हमलावरों को दबोच लिया और उन्हें थाने ले आई। वहीं, मनोज सिंह ने थाने में भी पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए हमलावरों को बाहर निकालने की कोशिश की।
बीजापुर जैसी घटना की धमकी
रवी श्रीवास्तव की तहरीर के अनुसार, मनोज सिंह ने पत्रकार को बीजापुर जैसी घटना करने की धमकी भी दी। (Lucknow News) इस गंभीर घटना के बाद एसीपी हजरतगंज को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। मनोज सिंह की छवि विवादित रही है और वह 2022 में समाजवादी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुआ था। मनोज सिंह बैरिया, बलिया का निवासी है और वर्तमान में लखनऊ के विभूति खंड में रहता है, जहां वह चटोरी गली में दुकानों का संचालन करता है।
मनोज सिंह को सुरक्षा के दृष्टिकोण से Y श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, यह जानकारी सुरक्षा कर्मियों ने दी। गौतमपल्ली के इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों पर शांतिभंग का चालान काटा गया है और आगे की जांच जारी है।
ये भी देखें : Delhi Election के बीच गरमाया ‘वोट घोटाले’ का मुद्दा, CM Atishi ने उठाए सवाल


