Jaitpur Kalan : थाना जैतपुर कला क्षेत्र के जूनियर स्कूल में संचालित आधार अपडेट केंद्र पर खुलेआम लूट की शिकायतें सामने आई हैं। केंद्र पर सरकार द्वारा निर्धारित ₹50 की जगह ₹150 से ₹200 तक वसूले जा रहे हैं। संचालक द्वारा बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक से धमकाकर यह अवैध वसूली की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस केंद्र के संचालक हरीराज सिंह की मनमानी के खिलाफ कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सॉफ्टवेयर पर ₹50 की सरकारी दर दिखने के बावजूद संचालक मनमाने तरीके से अधिक रकम वसूल रहा है।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि विरोध करने पर संचालक लोगों को धमकी देता है। संचालक के इस रवैये के कारण लोगों में भारी आक्रोश है। जब पत्रकारों ने इस मुद्दे पर संचालक से बात करने और वायरल वीडियो के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, (Jaitpur Kalan) तो उसने पत्रकार को भी धमकाने की कोशिश की।
शासन-प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
लोगों का कहना है कि यह मामला लंबे समय से चल रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। आधार अपडेट जैसे सरकारी कार्यों में इस तरह की लूट प्रशासनिक उदासीनता और भ्रष्टाचार को उजागर करती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और आधार केंद्र पर वसूली की सरकारी दरों का पालन सुनिश्चित किया जाए।


