Priyanka Gandhi : दिल्ली की कालकाजी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी द्वारा दी गई विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस नेता और सांसद प्रियंका गांधी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। प्रियंका गांधी ने बुधवार को बिधूड़ी के बयान को बेकार और फिजूल बताया, साथ ही कहा कि चुनाव के दौरान हमें दिल्ली की जनता के असली मुद्दों पर बात करनी चाहिए, न कि ऐसी अनावश्यक टिप्पणियों पर।
प्रियंका गांधी ने बिधूड़ी के बयान को लेकर तंज कसते हुए कहा, “कभी आपने अपने गालों के बारे में बात नहीं की, यह सब बेकार की बातें हैं।” उन्होंने यह भी नसीहत दी कि चुनाव के दौरान हमें केवल अहम और जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए, ताकि लोगों के वास्तविक सवालों का समाधान किया जा सके।
कांग्रेस के नेताओं ने भी जताई नाराजगी
5 जनवरी को भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के खिलाफ विवादित बयान दिया था, जिसके बाद कांग्रेस में हंगामा मच गया। इस बयान को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा था, “यह बदतमीजी सिर्फ घटिया मानसिकता को ही नहीं दिखाती, बल्कि यह उनके अन्य सहयोगियों और सहकर्मियों की असलियत भी उजागर करती है।”
‘कांग्रेस पहले लालू यादव से माफी मांगने को कहे’ – रमेश बिधूड़ी
कांग्रेस के विरोध के बाद भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा कि उन्होंने कोई विवादित बयान नहीं दिया है। उनका कहना था कि अगर कांग्रेस को उनके बयान से कोई आपत्ति है, तो पहले कांग्रेस राजद सुप्रीमो लालू यादव से कहे कि वह हेमा मालिनी से माफी मांगें, क्योंकि उन्होंने भी इस तरह का बयान दिया था। बिधूड़ी ने अपने बयान पर कायम रहते हुए कहा कि अगर कांग्रेस को आपत्ति है तो वे पहले लालू यादव से माफी की मांग करें।


