UP BJP State President Election : उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के जिलाध्यक्ष और मंडलाध्यक्षों के चुनाव संपन्न होने के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया में तेजी आ गई है। इस बीच, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े इन दिनों लखनऊ दौरे पर हैं। उनके इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, यूपी बीजेपी अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, वरिष्ठ बीजेपी नेता रेखा वर्मा और महेन्द्र सिंह से मुलाकात की गई।
सूत्रों के मुताबिक, इस मुलाकात के दौरान सभी नेताओं से यूपी के अगले अध्यक्ष के नाम को लेकर मंथन किया गया। हर नेता ने विनोद तावड़े को यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए 2-2 नामों का सुझाव दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने भी अलग-अलग 2-2 नामों के सुझाव दिए हैं। हालांकि, इस दौरान विनोद तावड़े की डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मुलाकात नहीं हो पाई, क्योंकि वे प्रयागराज में महाकुंभ के दौरे पर हैं।
रायशुमारी के बाद दिल्ली लौटेंगे तावड़े
बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद के नाम पर सभी नेताओं से रायशुमारी कर ली है और अब वे आज दोपहर तीन बजे दिल्ली लौट जाएंगे। वहां, यूपी बीजेपी नेताओं द्वारा सुझाए गए सभी नामों को पार्टी हाईकमान को सौंपा जाएगा, जिन पर बाद में चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल जनवरी महीने के आखिरी हफ्ते में 23-24 तारीख़ को यूपी का दौरा करेंगे। इस दौरे के बाद बीजेपी के अगले अध्यक्ष के नाम पर मुहर लग सकती है।
नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर बढ़ी चर्चाएं
बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बार पार्टी किसी ओबीसी या दलित चेहरे पर दांव लगा सकती है। इस संदर्भ में कई नाम सामने आ रहे हैं। दलित चेहरे के तौर पर पूर्व सांसद रामसकल और विद्यासागर सोनकर के नाम प्रमुख हैं। वहीं, ओबीसी चेहरे के तौर पर साध्वी निरंजन ज्योति और बाबूराव निषाद का नाम भी चर्चा में है।


