Kanpur News : रील्स बनाने की आदत अब युवाओं में इस कदर घर कर चुकी है कि वे अपनी जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट करने से भी नहीं चूकते। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद रीलबाज अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। हाल ही में कानपुर के गंगा बैराज इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़का और एक लड़की बाइक पर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक बाइक चला रहा है, जबकि लड़की बाइक पर उल्टी बैठी है और पंजाबी गाने पर स्टंट कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
इस वीडियो के वायरल होते ही पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि वीडियो में दिख रहे युवक और युवती कौन हैं और उनका संबंध कहां से है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के खतरनाक स्टंट न केवल रील बनाने वालों की जान को खतरे में डालते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी खतरनाक हो सकते हैं। रील्स बनाने का यह ट्रेंड युवा पीढ़ी में कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है, लेकिन इसे करने का तरीका सुरक्षित नहीं है।
कुछ दिन पहले गैंगस्टर अजय का वीडियो हुआ था वायरल
कानपुर में यह पहला मामला नहीं है, जब रील बनाने के कारण किसी ने खुद को या दूसरों को खतरे में डाला हो। इससे कुछ दिन पहले (Kanpur News) कानपुर में गैंगस्टर अजय ठाकुर का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहे थे। इस वीडियो के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और अजय ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके अलावा, थाना कल्याणपुर में एक युवती का नाचते हुए वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और युवती के परिजनों से संपर्क किया। बाद में युवती ने वीडियो डिलीट कर दिया और परिजनों ने माफी भी मांगी थी।
सुरक्षा का ध्यान रखना है जरूरी
हालांकि रील बनाने का ट्रेंड आज के युवाओं के बीच फैशन बन चुका है, लेकिन इसे बनाते समय अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है। इस प्रकार के खतरनाक स्टंट न केवल जानलेवा हो सकते हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाएगी और जो लोग इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें : CM Atishi का बड़ा दावा, “BJP Ramesh Bidhuri को CM पद का चेहरा बानाएगी!”


