Kannauj News : उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। आपको बता दें कि जब रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत निर्माणाधीन दो मंजिला इमारत का लिंटर ढह गया। हादसे में 20 से अधिक मजदूर मलबे में दब गए, जिनमें से अब तक 23 लोग घायल हो चुके हैं। पुलिस और प्रशासन ने इस घटना का संज्ञान लिया और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।
पूर्वोत्तर रेलवे ने इस घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। इसके साथ ही, घटना में मामूली रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये और गंभीर रूप से घायलों को ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की है। हालांकि, अधिकारियों ने इस हादसे में किसी की मौत की खबर से इनकार किया है और राहत कार्य जारी होने की जानकारी दी है।
मजदूरों को निकालने के लिए तत्काल बचाव अभियान शुरू
मलबे में दबे हुए मजदूरों को निकालने के लिए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक छह घायल मजदूरों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल था, जहां मलबे में फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए लोग जुटे थे। कन्नौज के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने घटना के बारे में जानकारी दी और कहा कि हादसा तब हुआ जब निर्माणाधीन इमारत की छत की शटरिंग गिर गई। शटरिंग एक अस्थायी संरचना होती है, जो कंक्रीट को जमने के दौरान सहारा देती है।
सरकार की प्रतिक्रिया
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को मलबे में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और उनका उचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी की। उन्होंने बताया कि कुल 23 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 20 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और तीन को गंभीर चोटें आई हैं।
कन्नौज (Kannauj News) रेलवे स्टेशन पर दुर्घटना के बाद प्रशासन और रेलवे अधिकारियों ने राहत कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें भेजी। साथ ही, रेलवे ने बचाव दल को लेकर दो कोच वाली विशेष ट्रेन भी भेजी है।
जांच समिति का गठन
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने घटना की गंभीरता को समझते हुए तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है, जो मामले की जांच करेगी। इस समिति में मुख्य अभियंता/योजना एवं डिजाइन, अपर मंडल रेल प्रबंधक/इज्जतनगर और मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेलवे सुरक्षा बल शामिल हैं।
सपा प्रमुख ने जताया दुख
इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कन्नौज रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन इमारत का लिंटर गिरने से हुए हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और सरकार से समुचित इलाज की व्यवस्था एवं राहत कार्य सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही, अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा एहतियातों की कमी के कारण यह हादसा हुआ है।
ये भी देखें : CM Atishi का बड़ा दावा, “BJP Ramesh Bidhuri को CM पद का चेहरा बानाएगी!”


