Delhi Chunav News : दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार के बीच मुख्यमंत्री आतिशी का चुनाव अभियान विवादों में घिर गया है। कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के आरोप में रिटर्निंग अफसर ने PWD विभाग के एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि आतिशी के चुनाव प्रचार में सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था।
आतिशी पर यह भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने निजी कार्यालय के लिए सरकारी व्हीकल का प्रयोग किया। शिकायत में आतिशी का नाम लिया गया है और कहा गया है कि चुनाव प्रचार के दौरान सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल हो रहा था। जांच के बाद, PWD के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को दोषी पाया गया और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले की जांच में यह पाया गया कि इंजीनियर ने सरकारी गाड़ी दी थी, जिसका गलत तरीके से इस्तेमाल हुआ।
चुनाव से जुड़े काम में सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल
शिकायत में बताया गया था कि 7 जनवरी को चुनाव के ऐलान के बाद, लगभग 2:30 बजे PWD के सरकारी वाहन को चुनाव से जुड़े कामों के लिए निजी चुनाव कार्यालय में इस्तेमाल किया गया था। यह आरोप उस समय उठे जब यह गाड़ी चुनाव प्रचार में इस्तेमाल हो रही थी, जिसे नियमों के खिलाफ माना गया।
इसके अलावा, कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक आतिशी को लेकर गोविंदपुरी SHO को केएस दुग्गल ने भी शिकायत दी थी। कालकाजी सीट से इस बार आतिशी को फिर से टिकट मिला है, जहां बीजेपी ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारा है।
AAP ने बनाई है हैट्रिक की योजना
दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा और नतीजे 8 फरवरी को आएंगे। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2015 और 2020 के चुनावों में शानदार जीत हासिल की थी, जिसमें 67 और 62 सीटें मिली थीं। अब पार्टी का लक्ष्य दिल्ली में हैट्रिक बनाना है। चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार दिल्ली में कुल 1.55 करोड़ से ज्यादा वोटर्स हैं, जिनमें 83,49,645 पुरुष, 71,73,952 महिला और 1,261 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
‘AAP की राजनीति पूरी तरह से ईमानदार है’ – सीएम आतिशी
इस बीच, दिल्ली मुख्यमंत्री आतिशी ने हाल ही में कहा कि AAP की राजनीति पूरी तरह से ईमानदार है। उन्होंने कहा, “हमने कभी भी कॉरपोरेट्स या पूंजीपतियों से पैसे नहीं लिए। हमारी सबसे बड़ी समस्या यह है कि बड़े दिग्गजों से फंड लेकर उम्मीदवार और पार्टियां उनके लिए काम करती हैं, और बदले में कॉन्ट्रैक्ट के रूप में भुगतान करती हैं। लेकिन हमने हमेशा आम लोगों के लिए काम किया क्योंकि वे हमें चुनाव में मदद करते हैं। अगर हमने दिग्गजों से पैसे लिए होते तो हम मुफ्त पानी, बिजली, मोहल्ला क्लीनिक और शिक्षा जैसी सुविधाएं नहीं दे पाते।”
ये भी देखें : Los Angeles की रहने वाली Sadhvi Bhagwati Saraswati ने बताया Mahakumbh का महत्व


