Mahakumbh 2025 : 14 जनवरी 2025 को प्रयागराज स्थित महाकुंभ मेला क्षेत्र में मकर संक्रांति के दिन पहला शाही स्नान हुआ। इस अवसर पर कई अखाड़ों के नागा साधुओं, महंतों, संतों के साथ-साथ लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। महाकुंभ के इस भव्य आयोजन में लाखों की संख्या में लोग संगम के पवित्र जल में स्नान करने पहुंचे।
इस बीच, स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन पॉवेल जॉब्स को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई। उनके अखाड़े के महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी महाराज ने जानकारी दी कि लॉरेन पॉवेल जॉब्स शाही स्नान में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। उनके हाथों में एलर्जी हो गई है, जिसके कारण उन्हें स्नान में भाग लेने में असमर्थता जतानी पड़ी।
Mahakumbh 2025 के शाही स्नान में क्यों हिस्सा नहीं ले पाईं लॉरेन
महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी महाराज ने बताया, “लॉरेन के हाथ में एलर्जी हो गई है। वह कभी इतनी बड़ी भीड़ में नहीं रही हैं। अकेले जाकर उनका स्नान कराएंगे। मैं उनकी स्नान की व्यवस्था करूंगा। वह स्नान करेंगी, लेकिन वह भाव विभोर हैं और उनके पास कई आध्यात्मिक सवाल हैं।”
महामंडलेश्वर ने यह भी कहा कि लॉरेन पॉवेल जॉब्स ने हमारे साथ पूजन में भाग लिया और रात्रि पूजन में भी हमसे जुड़ी रहीं। वह हवन में शामिल होंगी और हमारे शिविर में विश्राम कर रही हैं।
लॉरेन के आध्यात्मिक सवालों के बारे में कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा, “लॉरेन के पास हजारों सवाल हैं, जिनका मैं जवाब देता रहता हूं। निसंदेह वह दुनिया के सबसे अमीर परिवारों में से एक परिवार से हैं, लेकिन उनके अंदर किसी प्रकार का अहंकार नहीं है। वह सरल और सहज जीवन जीना चाहती हैं। यही कारण है कि मुझे लगता है कि वह इस शिविर में रहकर आनंद की अनुभूति कर रही हैं।”
महामंडलेश्वर ने आगे बताया कि आज से अभिषेक और पूजन की प्रक्रिया प्रारंभ होने वाली है, जिसमें लॉरेन पॉवेल जॉब्स भी भाग लेंगी। वह अभिषेक की तैयारी भी करा रही हैं और अपने हाथों से महादेव की सेवा कर रही हैं।
ये भी देखें : Los Angeles की रहने वाली Sadhvi Bhagwati Saraswati ने बताया Mahakumbh का महत्व


