Delhi School Bomb Threat : दिल्ली के 400 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, इस धमकी को भेजने के पीछे एक बच्चा था, जिसका लैपटॉप और मोबाइल डिवाइस का इस्तेमाल करके धमकी भरे ईमेल भेजे जा रहे थे।
स्पेशल सीपी मधुप तिवारी ने बताया कि यह घटना पिछले कुछ महीनों से चल रही थी। स्कूलों में बम रखे होने की झूठी सूचनाएं भेजी जा रही थीं, जिससे बच्चों की पढ़ाई में भारी रुकावट आ रही थी। तिवारी ने बताया कि पिछले साल 12 फरवरी से लेकर 8 जनवरी 2025 तक लगातार कई कॉल और मेल स्कूलों को भेजी गईं। इन मेल्स में आतंकवादी कोण से भी जांच की जा रही थी, लेकिन अब पुलिस ने बच्चे की पहचान कर ली है। बच्चे के लैपटॉप और मोबाइल की फॉरेंसिक जांच करवाई गई, जिसके बाद यह मामला सामने आया।
मामले की हो रही है जांच
स्पेशल सीपी तिवारी ने यह भी बताया कि इस बच्चे के पिता एक ऐसे एनजीओ से जुड़े हैं, जो आतंकी अफजल गुरु की फांसी के खिलाफ मुखर था। यह एनजीओ एक राजनीतिक पार्टी का समर्थन करता रहा है और राजनीतिक दृष्टिकोण से भी इस मामले की जांच की जा रही है। तिवारी ने कहा कि यह संभावना जताई जा रही है कि कहीं यह मामला किसी राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा तो नहीं है, जिसका उद्देश्य दिल्ली का माहौल खराब करना हो।
स्कूलों में पढ़ाई पर पड़ा असर
पुलिस ने कहा कि इन धमकी भरे मेल्स ने स्कूलों की पढ़ाई पर गंभीर असर डाला है। कई स्कूलों में छुट्टियां घोषित की गईं और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शैक्षिक गतिविधियों में रुकावट आई। तिवारी ने कहा कि जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इन मेल्स के जरिए सिर्फ एग्जाम्स को प्रभावित करने की कोशिश तो नहीं की जा रही थी। खासतौर पर, जब मेल्स भेजी जा रही थीं, उस समय परीक्षा का कोई आयोजन नहीं हो रहा था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि इसका उद्देश्य कुछ और हो सकता है।
लार्जर कॉन्सपिरेसी की जारी जांच
पुलिस ने कहा कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और वे यह जांच कर रहे हैं कि कहीं इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। इसके अलावा, एयरलाइंस को भी सोशल मीडिया के जरिए धमकियां मिली थीं, उनकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने साफ कहा है कि इस मामले की गहन जांच जारी है और जल्दी ही इसे लेकर और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आएंगी।
ये भी देखें : Los Angeles की रहने वाली Sadhvi Bhagwati Saraswati ने बताया Mahakumbh का महत्व


