Maha kumbh 2025 : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन जोरो-शोरो से जारी है। जहां हर साल लाखों श्रद्धालु संगम में स्नान करने के लिए पहुंचते हैं। इस बीच भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत महाकुंभ के दौरे पर चार दिन के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। हालांकि उनका ध्यान गुटखे के सेवन की ओर भी गया, जो उन्हें महाकुंभ में देखने को मिला। टिकैत ने इस पर चिंता जताई और कहा कि गुटखा खाने की बुराई को महाकुंभ से लोगों को छोड़कर जाना चाहिए।
महाकुंभ में पत्रकारों से बात करते हुए टिकैत ने कहा, यहां पर गुटखा खाने की आदत कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। यह एक बुरी आदत है और इसे यहां से छोड़कर जाना चाहिए। उनके मुताबिक महाकुंभ एक धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है, जो आत्मशुद्धि का प्रतीक है, और ऐसे में इस तरह की नकारात्मक आदतें उचित नहीं हैं।
इसके साथ ही राकेश टिकैत ने महाकुंभ (Maha kumbh 2025) की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और कहा कि यह आयोजन अच्छी तरह से आयोजित किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी तारीफ की, जिन्होंने महाकुंभ की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया है। टिकैत ने यह भी कहा कि महाकुंभ में किसी भी मसले पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और इस धार्मिक आयोजन को सिर्फ श्रद्धा और आस्था का प्रतीक बनाना चाहिए।
महाकुंभ में कल किसानों की एक महापंचायत भी आयोजित होने वाली है, जिसमें किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे। टिकैत ने किसान नेता डल्लेवाल की तबीयत को लेकर भी चिंता जताई और उनके आंदोलन का समर्थन किया।
कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई डुबकी
महाकुंभ में कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। जोश और उमंग से भरे श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई और ‘हर हर महादेव’, ‘जय श्री राम’ और ‘जय गंगा मैया’ के जयकारों के साथ अपनी आस्था को व्यक्त किया।
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के 62 वर्षीय निबर चौधरी ने कहा, यह मेरी पहली बार संगम में डुबकी लगाने का अनुभव था। डुबकी लगाने के बाद एकदम तरोताजा महसूस हुआ। साथ आए शिवराम वर्मा ने भी अनुभव को साझा करते हुए कहा कि प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए बहुत अच्छी व्यवस्था की है। लखनऊ निवासी नैंसी ने भी पहली बार महाकुंभ में हिस्सा लिया और कहा, अब तक महाकुंभ में मेरा अनुभव बहुत अच्छा रहा है। यहां की व्यवस्था बहुत संतोषजनक है।
ये भी पढ़ें : UP Weather News : यूपी में ठंड का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया कोहरे का अलर्ट


